जुनावई(संभल)। कस्बे के गांव मढि़कावली में शुक्रवार शाम खेत में सरसों की कटाई के दौरान आशीष (14) ट्रैक्टर के पीछे लगी थ्रेसर मशीन की चपेट में आ गया। देखते ही देखते किशोर मशीन के अंदर चला गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तक परिजन और ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
थाना क्षेत्र के गांव मढि़कावली निवासी नरेश पाल का बेटा आशीष कुमार गांव के ही युग निर्माण विद्यापीठ इंटर कॉलेज में कक्षा सात का छात्र था। शुक्रवार शाम आशीष कुमार अपने खेत पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सरसों की कटाई करवा रहा था। खेत में ट्रैक्टर के पीछे थ्रेसर मशीन लगी हुई थी और उसी से सरसों निकाली जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काम के दौरान अचानक आशीष का संतुलन बिगड़ गया और वह थ्रेसर मशीन की चपेट में आकर उसके अंदर चला गया।
किशोर की चीख सुनते ही खेत में मौजूद परिजन और आसपास काम कर रहे ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। मशीन को तत्काल बंद कर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। मशीन से बुरी तरह कट जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मृतक की मां कमलेश का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता नरेश पाल सहित अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं।
इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रधान ने बताया कि इस संबंध में उन्हें अब तक किसी प्रकार की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।