चंदौसी। शहर से सटे भेतरी फाटक असलम नगर निवासी इंटरमीडिएट का एक छात्र बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा स्थित अपनी ननिहाल में जाकर तालाब में अन्य साथियों के साथ नहाने लगा। इसी बीच वह तालाब में डूब गया। साथी बच्चों के बताने पर परिजन पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे तलाश की गई लेकिन उसका शव स्वयं ही ऊपर आया तो परिजनों में कोहराम मच गया।
भेतरी फाटक असलम नगर निवासी असलम खान का सत्रह वर्षीय पुत्र अकरम खान इंटरमीडिएट का छात्र था। वह सोमवार की सुबह को अपने पिता के साथ अपनी ननिहाल फैजगंज बेहटा गया था। बताते हैं कि वहां पहुंचकर साथी बच्चों के साथ तालाब में नहाने चला गया। बरसात के कारण तालाब में पानी अधिक था। वह गहराई में उतरा तो डूब गया। साथी बच्चों ने घर आकर डूबने की जानकारी दी। परिजन व आसपास के लोग तालाब पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे तक तलाश चलती रही लेकिन अकरम का पता नहीं चला। कुछ देर बाद उसका शव खुद ही पानी के ऊपर तैरने लगा। बाहर निकालकर निजी चिकित्सक को दिखाया तो डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। अकरम अपनी तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। मां नसरीन का भी रोते रोते बुरा हाल है। उसका शव उसके गांव असलमनगर लाया गया है।