चंदौसी। गांव बनियाखेड़ा क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपने नाबालिग पुत्र के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बनियाखेड़ा निवासी फुरकान ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 17 वर्षीय पुत्र समीर सिल्वर स्टोन इंटर कॉलेज चंदौसी में पढ़ता है। 28 जनवरी को समीर स्कूल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सीम्स कॉलेज के पास उसे युवक वोनस निवासी महुआ नगर थाना शाहबाद जनपद रामपुर तथा आयुष निवासी भगवंतपुर थाना भोजीपुरा जनपद बरेली मिले। दोनों उसे बहाने से बातचीत करने के लिए वोनस के किराये के कमरे पर विकास नगर ले गए।
कमरे में पहले से प्रशांत निवासी पवांसा, रजनेश निवासी किरारी तथा कमल यादव निवासी भूड़ी सरिया मौजूद थे। आरोप है कि इन पांचों ने समीर के साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान वोनस के हाथ में अवैध तमंचा था, जिससे वह समीर को डराता रहा।
आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी मोबाइल से बनाया और धमकी दी कि यदि घटना की जानकारी किसी को दी तो जान से मार देंगे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।