चंदौसी। मंडी फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण को लेकर कार्यदायी संस्था ने गुमथल तिराहे से वीमार्ट तक लगी स्ट्रीट लाइटों के खंभे उखाड़ दिए। जिसके बाद लाइटें उतारकर खंभे सड़क पर छोड़ दिए हैं। रात को अंधेरे में और सड़क किनारे पड़े खंभलों से हादसों का खतरा बना हुआ है। खंभे चोरी होने की संभावना है। जिम्मेदार लोग ध्यान नहीं दे रहे हैं।
चंदौसी मंडी फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य होना प्रस्तावित है। गुमथल तिराहे से वीमार्ट तक करीब सात मीटर लंबा ओवरब्रिज बनना है। करीब 15 दिन पहले राज्यमंत्री ने निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। ऐसे में ओवरब्रिज के निर्माण में बाधक बनने वाले पेड़ और बिजली के खंभे लाइन और लाइटों को कार्यदायी संस्था ने संबंधित विभाग से हटवाना शुरू कर दिया है। यहां गुमथल तिराहे से वीमार्ट तक नगर पालिका की स्ट्रीट लाइटें लगी हैं। इन्हें भी कार्यदायी संस्था ने हटवा दिया। जिम्मेदारों ने खंभे उखाड़कर वहीं सड़क किनारे डाल दिए, जबकि इन पर लगी लाइटें लेकर चले गए। ऐसे में यहां रात के समय सड़क पर अंधेरा पसरा रहता है। इसके साथ ही सड़क किनारे पड़े खंभों से हादसे का डर भी बना है। इनके चोरी होने की भी संभावना है। अगर यह खंभे ओवरब्रिज के निर्माण होने तक यूं ही पड़े रहेंगे तो यह गलकर क्षतिग्रस्त हो जाएंगे।