बहजोई। तेज आंधी व बारिश के चलते बहजोई नगर व आसपास के गांवों की बिजली ब्रेकडाउन में आने के कारण बंद हो गई। इससे शाम के समय छिटपुट अंधेरा होने के कारण लोगों को अंधेरे में आवागमन करने में मुश्किल झेलनी पड़ी। बृहस्पतिवार को शाम करीब चार बजे से आसमान में काले बादल छाने लगे। शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई।
g
इसके चलते पुरा बिजलीघर से बहजोई आ रही विद्युत लाइन ब्रेकडाउन में आ गई और बहजोई बिजलीघर से जुड़े नगर व ग्रामीण अंचलों के सभी फीडरों की बिजली गुल हो गई। शाम करीब सवा आठ बजे तक नगर व ग्रामीण अंचलों की बिजली बंद रही। जेई रोहित कुमार वरुण ने बताया कि रात करीब आठ बजे पुरा से बहजोई बिजलीघर पर तो बिजली मिल गई, लेकिन बेहटा जयसिंह के निकट विद्युत लाइन पर पेड़ की डाली गिरने से हुए फाल्ट के कारण नगर की बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। विद्युत कर्मी फाल्ट ठीक करने में जुटे हुए हैं। फाल्ट ठीक होने पर बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। संवाद