चंदौसी। बहजोई रोड पर शनिवार शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से जूडियो के स्टोर मैनेजर शहजान खान (35) की मौत हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक और उसके साथी को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
यह घटना आटा मॉल के सामने उस वक्त हुई, जब शहजान खान सड़क पार कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि शहजान खान बहुत दूर जा गिरे। वे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत स्कॉर्पियो को रोका और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गाड़ी, चालक और उसके साथी को हिरासत में ले लिया।
राहगीरों ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार नशे की हालत में थे। घायल शहजान खान को सीएचसी चंदौसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, परिवार वाले संतुष्ट नहीं हुए और जान बचाने की उम्मीद में उन्हें मुरादाबाद के निजी हॉस्पिटल ले गए।
सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक हरवेंद्र सिंह ने बताया कि शहजान खान को मृत अवस्था में लाया गया था। परिवार ने उन्हें मुरादाबाद ले जाने का फैसला किया। पुलिस उपाधीक्षक विवेक जावला ने पुष्टि की कि हादसे में शहजान की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।