कोतवाली क्षेत्र के गांव मौलागढ़ में तालाब की भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए ग्राम प्रधान ने कोतवाली में तहरीर दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस व राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और निर्माण कार्य रुकवा दिया। राजस्व विभाग की टीम व कब्जा कर रहे आरोपी के बीच नोकझोंक भी हुई। बताया जाता है कि भूमि को लेकर न्यायालय में वाद विचाराधीन है। ग्राम प्रधान ने मारपीट व अभद्रता का भी आरोप लगाया है।
गांव मौलागढ़ में ग्राम सभा की गाटा संख्या 703, रकवा 0.3360 तालाब की भूमि है। सोमवार की सुबह गांव का एक व्यक्ति उक्त भूमि पर कब्जा कर निर्माण कार्य करना लगा। ग्राम प्रधान विजय कुमार मौके पर पहुंचे और कार्य रुकने की बात कही। इस पर आरोपी ने निर्माण कार्य रोकने से इनकार कर दिया। ग्राम प्रधान ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस व राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस बीच राजस्व विभाग की टीम की आरोपी से नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने तालाब की भूमि पर किया जा रहा निर्माण कार्य रुकवा दिया है।