सरायतरीन। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव मझोला मार्केट में रविवार की शाम 4:30 बजे पुरानी रंजिश में पथराव हो गया। आरोप है कि सोने-चांदी के जेवर लूटने के इरादे से तमंचे से फायरिंग की गई। इस मामले में पुलिस ने तीन सगे भाई सहित नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव पुरा के निवासी लेखराम ने बताया कि रविवार की शाम अपने दो भाई और बहन के साथ गांव मझोला की मार्केट में कपड़े और घरेलू सामान खरीदने के लिए गया था, तभी गांव के ही नाै लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से एकराय होकर लाठी डंडे लोहे की राॅड से मारपीट करने लगे। पिस्तौल और तमंचे से फायर कर दिया। इसमें छोटे भाई हीरालाल गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच बचाव करने को आई बहन रेखा और भाई भी घायल हुए।
घायलों को बहजोई की सीएससी में भर्ती कराया है। कोतवाल संत कुमार सिंह ने बताया कि गांव मझोला के निवासी मनोज, सरजीत, प्रवेश, प्रमोद, पान सिंह, सोनू, सुनील, राहुल और हीरो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जल्दी ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।