बहजोई। बैठक में अधूरी तैयारियों के साथ आने पर डीएम मनीष बंसल ने नाराजगी जताते हुए डीएमओ व संचारी रोग के नोडल अधिकारी के वेतन पर रोक लगा दी। वहीं स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारियों के बैठक में गैर हाजिर होने पर डीएम ने सीएमओ से जवाब तलब किया। मौका था बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम को लेकर हुई बैठक का। वहीं डीएम ने संचारी रोग को लेकर जिले में वृहद स्तर पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाए जाने को भी कहा।
जिला मलेरिया अधिकारी नज्जार अहमद ने डीएम को बताया कि 1 जुलाई 2023 से 31 जुलाई 2023 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। वहीं 17 जुलाई 2023 से 31 जुलाई 2023 तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। डीएम ने संचारी रोग की तैयारियों से जुड़े सभी विभागों के माइक्रो प्लान की जानकारी ली।
डीपीआरओ समेत सभी ईओ से कहा कि नगर व ग्रामीण अंचलां में साफ सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही फॉगिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव कराते हुए नाले-नालियों की तली झाड़ सफाई कराई जाए। इस बीच डीएम ने विशेष संचारी रोग अभियान से जुड़े प्रचार प्रसार में तेजी लाते हुए लोगों को जागरूक करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में जहां भी रोग से जुड़े अधिक मामले मिले हों। वहां भी विशेष साफ-सफाई कराई जाए। सीडीओ कमलेश सचान व सीएमओ डॉ. तरन्नुम रजा समेत डीआईओ बृजेश कुमार तथा सभी ईओ व बीडीओ रहे।