चंदौसी के फव्वारा चौक पर लाकडाउन के दौरान लोगों से घरों से न निकलने की अपील करते पुलिस अधीक्षक यम?
- फोटो : SAMBHAL
चंदौसी। पुलिस अधीक्षक ने नगर का भ्रमण कर अनाउंसमेंट कर लोगों से लॉकडाउन का पालन करने की अपील की। पुलिस ने दोपहर 12 बजे के खुल रही दुकानों को बंद कराया। सड़कों पर घूम रहे लोगों को घरों में जाने की हिदायत दी।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद पुलिस बल के साथ फव्वारा चौक पहुंचे। उन्होंने नगर का भ्रमण करते हुए अनाउंसमेंट किया। इसमें लोगों से कहा कि लॉकडाउन के दौरान घरों में रहें। कोई भी व्यक्ति आवश्यकता होने पर भी बिना मास्क लगाए घर से बाहर न निकलें। सड़कों पर अगर कोई बिना मास्क के मिलता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कोरोना वायरस से बचने के तरीकों को अपनाएं और अपना व अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखें।
इसके बाद कोतवाली पहुंचे एसपी ने पुलिसकर्मियों को मास्क व सैनिटाइजर वितरित किया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से भी मास्क लगाने की बात कही। पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने बिना मास्क पहने जा रहे लोगों को रोका और उन्हें मास्क पहनकर निकलने के लिए प्रेरित किया। वाहनों से सड़कों पर बेवजह घूम रहे लोगों को पुलिसकर्मियों ने लाठी दिखाकर घरों की ओर भेजा। इस दौरान पुलिस ने फड़याई बाजार, पसरट्टा बाजार, घंटाघर, बड़ा बाजार, संभल गेट, जारई गेट सहित अन्य बाजारों में घूम कर दुकानें बंद कराईं।