संभल। मुरादाबाद के सपा सांसद डॉ. एसटी हसन के बाद संभल के सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने भी कोरोना के प्रकोप को लेकर अटपटा बयान देते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। डॉ. बर्क ने कोरोना की मार को अल्लाह का अजाब (पाप की सजा) बताते हुए कहा है कि इसके लिए सभी को अपने-अपने धर्म के मुताबिक माफी मांगनी चाहिए। तभी इस अजाब से पीछा छूटेगा।
गुरुवार को सांसद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि इस सरकार में जुल्म हुए हैं। सरकार ने मॉब लिंचिंग कराई है। महिलाओं के साथ दुष्कर्म हुए हैं। इसके लिए और कोरोना फैलने के लिए सरकार जिम्मेदार है।
सांसद ने कहा कि हमने अपील की थी कि ईद पर मस्जिद और ईदगाहों में सामूहिक नमाज अदा करने की इजाजत मिलनी चाहिए, जिससे सभी एक साथ नमाज अदा कर कोरोना के खात्मे के लिए दुआ कर सकें लेकिन उस तरह नमाज पढ़ने नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि कोरोना अगर कोई बीमारी होती तो पूरी दुनिया में कहीं न कहीं तो इसका इलाज होता। यह बीमारी नहीं अल्लाह का अजाब है। सभी धर्म के लोग अपने-अपने तरीके से माफी मांगें तभी इस बीमारी से छुटकारा मिलेगा।
वैक्सीन लगवाने के सवाल पर सांसद ने कहा कि वैक्सीन सरकार लगवा रही है और वह परीक्षण की हुई है तो इसको लगवाने में कोई ऐतराज नहीं है।