कुढ़ फतेहगढ़ थाने का चार्ज रंजन कुमार शर्मा को सौंपा गया है। पुलिस अधीक्षक बालेंदु भूषण सिंह ने कुढ़ फतेहगढ़ थानाध्यक्ष शाहिद अली, हल्का दरोगा सचिन कुमार, एचसीपी राज बहादुर, कांस्टेबल महेशपाल सिंह, सुरेश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मर्डर में पुलिस ने 12 लोगों को उठाया
कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के छावड़ा गांव में बुधवार की शाम ग्राम प्रधान शकुंतला देवी के घर पर धावा बोलकर प्रधान, उनके पति और दो बेटों की हत्या की सनसनीखेज वारदात में प्रधान के बेटे से कोर्ट मैरिज रचाने वाली प्रियंका के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। हत्याकांड में 13 लोगों के खिलाफ बलवा, घर में घुसकर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हालांकि अभी किसी हत्यारोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस ने करीब 12 लोगों को शक की बिना पर उठाकर पूछताछ की है।
ग्राम प्रधान शकुंतला देवी, उनके पति विशंभर सिंह, पुत्र सुनील सिंह व सुशील सिंह की हत्या के मामले में प्रधान की बेटी रुचि सिंह की तहरीर पर तालेवर सिंह पुत्र चंदन, उसके पुत्र दुष्यंत, गुड्डू, सुरेश व महेश के अलावा पौत्र अमन पुत्र महेश, गोविंदा पुत्र सुरेश, प्रियंका पुत्री सुरेश, केपी सिंह पुत्र जयपाल, विपिन पुत्र सतीश, डब्लू पुत्र मुनेंद्र सिंह, पवन, पुतुआ पुत्र केपी सिंह उर्फ कृष्णपाल सिंह के खिलाफ एक राय होकर घर में घुसकर गोली मारकर हत्या करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। कोई भी हत्यारोपी अभी गिरफ्तार नहीं है। सुबह अपर पुलिस अधीक्षक राममूरत यादव भी पहुंचे। गांव में पुलिस व पीएसी लगातार गश्त कर रही है। गांव में तनाव का माहौल है। हत्यारोपी पक्ष के घरों पर ताले पड़े हैं। अधिकांश ग्रामीण घरों से भागे हुए हैं। पुलिस ने आस पड़ोस समेत आरोपी पक्ष की नजदीकी की संभावना वाले करीब 10-12 व्यक्तियों को हत्याकांड के बाद पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट : सुशील पर दागे सबसे ज्यादा आठ फायर
इस तरह से फायरिंग की गई है कि जिन्हें मारना है वे जिंदा न बच सकें। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार कर रहे डाक्टरों की टीम में शामिल संभल सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. जुहेब करीम ने यह बात पोस्टमार्टम के तत्काल बाद कही। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि हमलवार पूरे इरादे से आए थे। इसलिए वे एक-दो गोलियां मार कर भागे नहीं बल्कि एक-एक व्यक्ति पर कई-कई फायर किए। जब उन्होंने देख लिया कि जिन्हें मारने आए थे वे मौत की नींद में सो गए हैं तभी हमलावरों ने फायरिंग बंद की।
संभल के जिला अस्पताल में कुढ़ फतेहगढ़ के छाबड़ा निवासी ग्राम प्रधान शकुंतला, उनके पति विशंभर और बेटे सुशील तथा सुनील का गुरुवार को पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा गोलियां सुशील को मारी गईं थी। डा. जुहेब करीम ने बताया कि चार गोलियां तो सुशील के शरीर को पार कर गईं थीं, जबकि चार गोलियां उसके शरीर में फंसी रह गईं जो पोस्टमार्टम के दौरान निकाली गईं हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस और जिले के सीएमओ डा. राजवीर सिंह ने बताया कि शकुंतला के दूसरे बेटे सुनील को छह गोलियां मारी गईं थी। इसमें तीन गोलियां उनके शरीर से निकाली गईं हैं। वहीं शकुंकला के सिर में एक गोली लगी थी। जो फंसी हुई मिली जबकि और गोलियां आर-पार हो गईं थी। उनके पति विसंभर को चार गोलियां लगीं थी।
चारों गोलियां आरपार हो गईं हैं।