रक्षाबंधन 12 अगस्त को परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने के लिए राखियों की खरीदारी शुरू कर दी है। इस बार बहनों को ब्रेसलेट, भगवान के नाम व उनकी तस्वीर वाली राखी ज्यादा पसंद आ रही है। दो वर्ष बाद कोरोना पाबंदी के हटने पर दूरदराज से बहनें अपनी-अपनी भाइयों के घर पहुंचेंगी।
रक्षाबंधन को लेकर बाजार गुलजार है। राखियों की दुकानों पर भीड़भाड़ होने से दुकानदार भी खुश नजर आ रहे हैं। इस बार बहनों की पहली पसंद ब्रेसलेट की रूप में बनी श्रीकृष्ण, गणेश, मोर, मोरपंख वाली राखी है जिसकी कीमत 50 से 200 रुपये तक है। इस राखी का अधिकतर दुकानों पर स्टाक भी खत्म हो गया है। इसके अलावा कम वजन की राखी भी पसंद की जा रही है जिसकी कीमत पांच से 40 रुपये तक है।
राखी स्कैन करने पर मोबाइल में शुरू हो रहे कार्टून प्रोग्राम
छोटे बच्चों के लिए राखी की कई वैरायटी बाजार में उपलब्ध हैं जिसमें ज्यादा पसंद की जाने वाली डिजिटल राखी है। इसमें कार्टून की फोटो लगी है। कार्टून के पास ही एक बार कोड बना हुआ है। मोबाइल से स्कैन करने पर कार्टून प्रोग्राम शुरू हो जाता है। इसलिए बच्चे इस राखी को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
इस बार ब्रेसलेट और भगवान के फोटो वाली राखियों की ज्यादा खरीदारी हो रही है। ब्रेसलेट की राखी को बहनें ज्यादा तबज्जो दे रही हैं जिससे बाजार में ब्रेसलेट की राखी की मांग बनी है।
सामर्थ अग्रवाल, राखी विक्रेता, चंदौसी
बाजार में अनेक प्रकार की राखी उपलब्ध हैं जिसमें भाई-भाभी राखी का जोड़ा, महिलाओं के लिए जयपुरी, राजस्थानी कड़े की राखी ज्यादा बिक रही हैं। वहीं बच्चों की राखियों की कई वैरायटी बाजार में उपलब्ध है।
मोनू खुराना, राखी विक्रेता, चंदौसी