संभल। जिले में वैक्सीन की किल्लत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। जिले में वैक्सीन की किल्लत से कलस्टर अभियान धीमा हो गया है। तय लक्ष्य के शत प्रतिशत को टीका लगाने की जो योजना है वह बाधित हो रही है। इससे स्वास्थ्य विभाग भी चिंतित है। रविवार को टीकाकरण करने के लिए वैक्सीन पर्याप्त नहीं है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने वैक्सीन खत्म होने की जानकारी आला अधिकारियों को दी है। रविवार और सोमवार को वैक्सीन की किल्लत होने के कारण टीकाकरण प्रभावित होने की संभावना है। शनिवार को जिले में कोविडशील्ड 540 और कोवैक्सीन 890 बची थीं। इसकी जानकारी भी आला अधिकारियों को दी गई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. रामजी लाल की ओर से 50 हजार वैक्सीन कोविडशील्ड व 20 हजार कोवैक्सीन की मांग की गई है। जिससे कलस्टर अभियान के अंतर्गत चल रहा टीकाकरण तेजी से चलता रहे। यदि ऐसे ही वैक्सीन की किल्लत बनी रही तो टीकाकरण प्रभावित रहना तय है। स्वास्थ्य विभाग ने जो जिले में 16 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया है। वह आसानी से पूरा होने वाला नहीं है। 16 जनवरी से टीकाकरण चल रहा है। अब तक दो लाख से ऊपर ही टीका लग सका है। अभी 14 लाख या उससे ज्यादा लोगों को टीका लगना है।