चंदौसी/संभल। जिले में सोमवार की सात लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से चार युवक संभल तहसील क्षेत्र के हैं और तीन युवक गुन्नौर तहसील क्षेत्र के रहने वाले हैं। यह युवक दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, इंदौर, नोएडा से काम करके लौटे हैं। एक संक्रमित आजादपुर सब्जी मंडी से सामान बेचकर आया था। अब जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 55 हो गई है।
संभल तहसील के गांव दारापुर निवासी दो लोग इंदौर में काम करते थे। दोनों 12 मई को संभल लौटे थे। 13 मई को उनका नमूना लेकर कोरोना की जांच को भेजा था। सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में दोनों में कोरोना की पुष्टि हुई है। तहसील गुन्नौर क्षेत्र के गांव रसूलपुर के युवक भी जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है। युवक नोएडा में काम करता था तथा 12 मई को वापस आया था। 13 मई को नमूना जांच के लिए भेजा गया था। तहसील क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी युवक में भी जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है। युवक दिल्ली की आजादपुर सब्जी मंडी घूमकर आया था तथा 11 मई को क्वारंटीन किया गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 12 मई को नमूना लेकर जांच के लिए भेजा था। वहीं गुन्नौर तहसील के गांव सिमरई का युवक दिल्ली में काम करता था। लॉक डाउन के दौरान छह मई को वापस घर आया था। ग्रामीणों की सूचना पर 15 मई को उसे क्वारंटीन किया गया तथा उसी दिन नमूना लेकर लेकर जांच के लिए भेजा था। 18 मई को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वही संभल क्षेत्र के गांव एचोड़ा कंबोह के युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है। यह युवक मुंबई में काम करता था। 15 मई को घर लौटा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसी दिन क्वारंटीन कर नमूना जांच के लिए भेज दिया था। 18 मई को कोरोना की पुष्टि हुई है। संभल क्षेत्र के गांव शहबाजपुर खुर्द निवासी युवक अहमदाबाद में काम करता था। यह युवक 16 मई को संभल पहुंचा। टीम ने उसी दिन क्वारंटीन कर युवक का नमूना जांच के लिए भेज दिया था। 18 मई को जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
नौ दिन गांव में घूमता रहा सिमरई का युवक
चंदौसी। गुन्नौर क्षेत्र के गांव सिमरई निवासी युवक छह मई को दिल्ली से घर पहुंच गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे 15 मई को क्वारंटीन किया। नौ दिन तक युवक लगातार गांव में खुलेआम घूमता रहा। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम परिजनों व उसके संपर्क में आए लोगों की तलाश में जुटी है।
जनपद में 2906 लोगों की हुई सैंपलिंग
संभल जनपद में कोरोना आशंका को लेकर अब तक 2906 लोगों के नमूने लेकर जांच को भेजे जा चुके हैं। इनमें गैर राज्य व जनपदों से आए लोग, कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए लोग शामिल है। 2644 लोगों की कोरोना जांच आ चुकी है। इनमें से अब तक 55 कोरोना संक्रमित हैं।
बाहर से आने वाले सभी लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर क्वारंटीन किया जा रहा है और उनका नमूना लेकर जांच को भेजा जा रहा है। सोमवार को जांच रिपोर्ट में बाहर से आए तीन और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। अब कोरोना पॉजिटिव की संख्या 55 हो गई है।
अनिता सिंह, सीएमओ।