संभल। करवा चौथ त्योहार के मौके पर शुक्रवार को सुबह से ही महिलाओं ने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखा। दिनभर भूखी, प्यासी रहीं और शाम को भोजन तैयार किया। फिर सज संवरकर आसमान की तरफ निहारने लगीं। रात में जैसे ही चंद्रमा नजर आया तो महिलाओं ने छलनी में पहले चांद को देखा और फिर पति को निहारा। विधिविधान से पूजा अर्चना करते हुए आशीर्वाद लिया। फिर पति के हाथों से जल पीकर व्रत को पूर्ण किया।
करवा चौथ त्योहार मनाने के लिए सुहागिनों ने तैयारी की थी। शुक्रवार को सुबह से ही सुहागिनों ने पति की दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत रखा। दिन में महिलाओं ने पूजा अर्चना की तैयारी को भी अंतिम रूप दिया। रात होने पर महिलाएं घरों की छतों पर पहुंच गईं। आसमान में जैसे ही चंद्रमा नजर आया तो महिलाओं ने चलनी से पहले चंद्रमा को देखा और फिर पति को निहारा। विधिविधान से पूजा अर्चना करते हुए पति से सदा सुहागिन रहने का आशीर्वाद लिया। पति ने उन्हें जल पिलाकर व्रत को पूर्ण कराया।
इसके अलावा महिलाओं ने मंदिरों में जाकर भी पूजा अर्चना की। जिसके बाद स्वादिष्ट भोजन का सेवन किया गया। संभल, हयातनगर, सरायतरीन, असमोली, हजरतनगर गढ़ी, सौंधन, पवांसा, रजपुरा और गवां क्षेत्र में करवा चौथ त्योहार परंपरागत तरीके से मनाया गया।
00000000000000000
महिलाओं ने किया सामूहिक पूजन, गाए भजन
संभल। शहर के आर्य समाज मार्ग पर स्थित महिला मंडल मंदिर में करवा चौथ त्योहार पर सामूहिक पूजन किया गया। महिलाओं ने चलनी से चंद्रमा के दर्शन किए। फिर करवा चौथ की पारंपरिक कथा सुनी। गणेश जी और माता गौरी का पूजन कर व्रत परायण करते हुए पति की दीर्घायु की कामना की।
शुक्रवार को देर शाम 7.30 बजे महिलाएं सज संवरकर महिला मंडल मंदिर पहुंचीं। महिलाओं को करवा चौथ व्रत की कथा सुनाई गई। किरण भाटी ने करवा चौथ में करवा का महत्व बताया। चारू गर्ग ने कहा कि पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर इस पर्व पर विशेष रूप से माता गौरी और गणेश जी का विधानपूर्वक पूजन किया जाता है। पति के दीर्घायु की कामना की जाती है। नीता गुप्ता ने सुहागिनों को पति का सम्मान, संस्कार सहित समर्पण भावना को प्रबल बनाने को कहा। महिलाओं ने माता गौरी, गणेश जी के भजन गाकर सामूहिक रूप से आरती भी की। इस दौरान किरन गर्ग, ज्योति शर्मा, साक्षी शर्मा, रुचि गर्ग, तनु शर्मा, प्रियंका रस्तोगी आदि रहीं। संवाद
0000000000000000000
महिलाओं ने पूजन में लिया हिस्सा, दिखी खुशी
संभल। मोहल्ला दुर्गा कॉलोनी में भावना अग्रवाल के आवास पर करवा चौथ पूजन कार्यक्रम हुआ। महिलाओं ने विधिविधान से पूजन किया। करवा चौथ कथा भी सुनी। महिलाओं के चेहरों पर खुशी नजर आई। इस दौरान सपना अग्रवाल, तान्या गुप्ता, गीता, शिखा, नीलम वार्ष्णेय आदि रहीं। संवाद