संभल। ऐंचोड़ा कंबोह स्थित श्री कल्कि धाम परिसर में मंगलवार को पंडाल हटाया गया है। साथ ही साफ-सफाई की गई। वहीं शिलान्यास स्थल पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। स्थानीय लोग व आसपास के गांवों के लोग भी शिलान्यास स्थल देखने के लिए पहुंचे। इस स्थान को चारो ओर से कवर कर दिया है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री कल्कि धाम का शिलान्यास किया था। हजारों की संख्या में आम लोग व साधु-संत पहुंचे थे। कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम का कहना है कि वह श्री कल्कि धाम का निर्माण जल्द शुरू कराएंगे। भूमि पूजन हो गया है। अब धाम के निर्माण की आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बताया कि श्री कल्कि धाम में भगवान विष्णु के दस गर्भगृह होंगे। जो सभी अलग अलग बनाए जाएंगे। दुनिया का पहला मंदिर होगा जहां भगवान विष्णु के दस अवतार रहेंगे। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बताया कि यह हमारे सौभाग्य की बात है जो कलियुग में अवतरित होने वाले भगवान का धाम बनाने जा रहे हैं। इस धाम से दुनियाभर के सनातनी लोगों की आस्था जुड़ी है। जल्द इसका निर्माण पूरा कराने का प्रयास रहेगा।