बहजोई। ग्राम पंचायत सादातबाड़ी में हो रहे निर्माण कार्यों में लापरवाही को लेकर डीपीआरओ उपेंद्र कुमार पांडेय ने सचिव आकाश कुमार को चेतावनी देते हुए वेतन बाधित किया गया है। डीपीआरओ ने बताया कि सोमवार को गांव सादातबाड़ी जाकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। इसमें सामने आया कि प्लास्टिक मैनेजमेंट यूनिट पर निर्माण कार्य होता नहीं मिला। इसके अलावा आरआरसी का उचित क्रियान्वयन न होने व अंत्येष्टि स्थल का गेट कार्य अधूरा मिलने पर सचिव के खिलाफ कार्रवाई करते हुए माह मार्च का वेतन बाधित किया गया है तथा वर्ष 2024 में लगने वाली वेतनवृद्धि पर भी अस्थाई रोक लगाई गई है।
डीपीआरओ ने बताया कि इसके अलावा संचारी रोग अभियान के तहत गांव रायपुर कलां मे विशेष साफ-सफाई होनी थी। इसको लेकर गांव में नौ सफाईकर्मियों को गांव में बेहतर साफ-सफाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बावजूद इसके निरीक्षण में सामने आया कि इन सफाईकर्मियों की ओर से विशेष सफाई अभियान में लापरवाही बरती गई। कहीं सफाईकर्मियों की ओर से झाड़ियां नहीं काटी गईं, तो कही नालियों आदि की सफाई संतोषजनक नहीं थी। यहां तक कि कहीं तो पानी की निकासी को लेकर भी कोई कोशिश नहीं की गई। इसको लेकर इन सफाईकर्मियों में सूखे, रामसिंह, सोनवीर, धर्मपाल, लक्ष्मी सिंह, मुन्नी देवी, सुरेश, धर्मेंद्र व रामबाबू का एक दिन का वेतन बाधित किया गया है। वहीं लापरवाही बरतने को लेकर खंड प्रेरक प्रदीप कुमार का एक दिन मानदेय बाधित किया गया है।