चंदौसी। सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल चंदौसी में लोकसभा चुनाव को लेकर पीठासीन एवं मतदान अधिकारी प्रथम को दूसरे दिन भी प्रशिक्षण दिया गया। बुधवार को दोनों पालियों में 1375 कार्मिक उपस्थिति हुए, जबकि 39 कार्मिक अनुपस्थित रहे, इनके खिलाफ प्रशासन एफआईआर दर्ज कराएगा। वहीं डीएम मनीष बंसल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले मतदान कार्मिक 07 मई को होने वाले मतदान के दिन समय से बूथों पर वास्तविक मतदान से पहले मॉक पोल कराएं, ताकि समय से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो सके। सीआरसी ( क्लीयर रिजल्ट क्लोज) की प्रक्रिया का भी पालन हो। मॉक पोल वास्तविक मतदान से 90 मिनट पहले ऐजेंटों की उपस्थिति में किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान कार्मिक दिए जा रहे दिशा निर्देशों का अच्छे से पालन करें ताकि जनपद में चुनाव की प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शितापूर्ण संपन्न कराया जा सके। प्रभारी अधिकारी कार्मिक भरतलाल मिश्रा ने बताया कि 12 अप्रैल को होने वाले तृतीय दिवस के प्रशिक्षण के साथ दोपहर 3 बजे सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेटों का भी प्रशिक्षण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों पालियों में 1414 कार्मिकों को मतदान प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया था। पहली पाली में 707 और दूसरी पाली में 707 कार्मिकों का प्रशिक्षण होना था। जिनमें 39 कार्मिक अनुपस्थिति रहे। अनुुपस्थित रहे कार्मिकों के खिलाफ निर्वाचन गाइडलाइन के अनुसार एफआई दर्ज कराई जाएगी। इस दौरान एडीएम न्यायिक सुशील कुमार चौबे, डिप्टी कलेक्टर आनंद कटारिया, परियोजना निदेशक डीआरडीए ज्ञान सिंह, बीएसए चंद्रशेखर, डीआईओएस वेदराम, भूमि संरक्षण अधिकारी ओंकार सिंह, आईटीआई चंदौसी के प्रधानाचार्य एसके वार्ष्णेय आदि रहे।