संभल। यूपी बोर्ड परीक्षा के घोषित परिणाम में प्राप्त अंक से असंतुष्ट परीक्षार्थियों को माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा स्क्रूटनी कराने का मौका मिलेगा। इसके लिए प्रति प्रश्नपत्र 500 रुपये शुल्क जमा करने के साथ 19 मई तक आवेदन पत्र विभाग को भेजना होगा।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित बोर्ड के शैक्षिक सत्र 2022-23 में 16 फरवरी से चार मार्च के बीच संपन्न हुई परीक्षा का परिणाम 25 अप्रैल को जारी हुआ। हाईस्कूल व इंटर मीडिएट बोर्ड परीक्षा में प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं होने वाले परीक्षार्थी 19 मई तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के समय प्रति प्रश्नपत्र शुल्क 500 रुपये कोषागार में जमा करना होगा। शुल्क जमा करने के बाद ऑनलाइन आवेदन कर फार्म डाउनलोड कर प्रिंट आउट के साथ जमा किए गए शुल्क के मूल चालान पत्र को सत्यापन के लिए संलग्न कर पंजीकृत डाक से संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय डाक से भेजना होगा।
स्क्रूटनी के परीक्षार्थियों को कॉलेज से संपर्क कर अंक पत्र की प्रमाणित कर आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद निर्धारित शुल्क के साथ फार्म 19 मई तक डाक से बोर्ड कार्यालय भेजना होगा। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं होगा।-बालमुकुंद प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक, संभल