संभल। छठी से आठवीं कक्षा तक के निजी और सरकारी स्कूल बुधवार से खुल जाएंगे। भले ही कोरोना का खतरा बरकरार है पर स्कूल खोले जाने के फैसले से शिक्षक और विद्यार्थी दोनों ही उत्साहित हैं। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षा विभाग ने कोरोना से बचाव के नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। इस बीच दिन भर स्कूलों में सफाई के साथ-साथ पढ़ाई की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि छठी से आठवीं तक के बच्चे छोटे होते हैं लेकिन लंबे समय तक स्कूल बंद रहने से घरों में ऊब गए हैं और जब स्कूल खोलने का निर्णय सरकार ने लिया तो बच्चे उत्साहित नजर आए। उन्होंने बताया कि कोरोना का खतरा खत्म नहीं हुआ है। इसलिए शिक्षकों और अभिभावकों के साथ स्कूल प्रबंधकों को भी सतर्कता बनाए रखने की जरूरत है। कोरोना से बचाव की जो गाइडलाइन दी गई है। उसका पालन सुनिश्चित कराया जाए। पालन कराने के लिए वह खुद भी स्कूलों का भ्रमण करेंगे। बुधवार को पहला दिन है इसलिए उपस्थिति कम रहेगी। कुल क्षमता का 50 फीसदी बच्चे ही बुलाए गए हैं। जिन बच्चों को बुलाया गया है वे भी पूरी संख्या में नहीं आएंगे पर धीरे-धीरे विद्यालयों में उपस्थिति बढ़ेगी।