चंदौसी। रामबाग धाम स्थित बाल विद्यालय मंदिर का स्थापना दिवस शनिवार को धार्मिक आस्था और भक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर श्री गोरक्षा समिति की ओर से संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति के सदस्यों के साथ विद्यालय की शिक्षिकाओं और बच्चों ने भी श्रद्धाभाव से सुंदरकांड का पाठ किया। सुंदरकांड के दौरान भगवान श्रीराम और हनुमानजी के जयकारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय परिसर में भव्य राम दरबार सजाया गया। इसके बाद गणेश व सरस्वती वंदना, हनुमान चालीसा, बजरंग बाण व श्रीराम स्तुति का गायन कर सुंदरकांड का शुभारंभ किया गया। श्री गोरक्षा समिति के सदस्यों ने सुंदरकांड की चौपाइयों का अर्थ सहित व्याख्यान किया। पाठ के बीच-बीच में भजनों की भी छटा बिखरी। भजनों की शृंखला में दिलीप भगत ने सारे तीर्थधाम आपके चरणों में, हे गुरुदेव प्रणाम आपके चरणों में और गुलशन वार्ष्णेय ने जग में सुंदर हैं दो नाम, चाहे कृष्ण कहो या राम सहित अन्य भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के समापन पर आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर मौसम गुप्ता, अमित वार्ष्णेय, राजेश गुप्ता, अजय वार्ष्णेय, रजनीश वार्ष्णेय, मोहित वार्ष्णेय, संजीव वार्ष्णेय, सतीश वार्ष्णेय, सुमनेश वार्ष्णेय, राहुल गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद