हयातनगर क्षेत्र में गांव मोतीनगर के पास ट्रक की टक्कर से स्कूल वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में स्कूल वैन चालक करेली निवासी बृजेश गिरि (40) की मौत हो गई, जबकि वैन में सवार शिक्षिका माधुरी, पूजा व मोअज्जम घायल हो गए। मोअज्जम की भी हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले में अज्ञात ट्रक चालक के के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव करेली निवासी बृजेश के बड़े भाई सुभाष गिरि ने बताया कि बृजेश सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंड्री स्कूल की वैन चलाता था। बृजेश बुधवार सुबह करीब आठ बजे वैन लेकर संभल-आदमपुर रोड स्थित रायपुर गांव में विद्यार्थियों को लेने जा रहे थे। रास्ते में खड़े कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हल्लूसराय निवासी शिक्षिका पूजा, मोहल्ला बरेली सराय की निवासी माधुरी व मोहल्ला चमन सराय के निवासी शिक्षक मौअज्जम अली को भी वैन में बैठा लिया। तीनों कैलादेवी क्षेत्र के गांव रायपुर में स्थित रोहन सिंह यादव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाते है और वाहन का इंतजार कर रहे थे।
वैन खाली होने पर बृजेश गिरी ने तीनों को रायपुर छोड़ने के लिए बैठा लिया। बृजेश घने कोहरे के बीच वैन लेकर जैसे ही हयातनगर क्षेत्र के गांव मोतीनगर के पास पहुंचे, तो सामने से आ रहे ट्रक ने वैन में टक्कर मार दी। हादसा होते ही वैन सवार शिक्षिक में चीख-पुकार मच गई। वहीं, शोर सुन आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे चालक बृजेश गिरी समेत शिक्षकों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर ने बृजेश गिरी व मौअज्जम अली को हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन बृजेश की रास्ते में ही मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन बृजेश गिरी का शव लेकर वापस जिला अस्पताल आ गए। थाना प्रभारी चमन सिंह ने बताया कि पंचनामा भरकर चालक का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। वहीं, चालक के भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।