चंदौसी। गांव पल्था मिठनपुर में दो साल से बिना मान्यता के चल रहे राधे श्याम पब्लिक स्कूल में बीएसए व बीईओ ने छापा मारा। स्कूल में कोई अभिलेख नहीं मिले हैं। बीएसए ने स्कूल को सील कर दिया और वहां पर पंजीकृत बच्चों को परिषदीय विद्यालयों व अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नामांकन कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने जिले में बिना मान्यता के चलते स्कूलों को एक माह में बंद कराने के निर्देश दिए हैं। बीएसए चंद्रशेखर, खंड शिक्षा अधिकारी अरूण कुमार निपुण परीक्षा के तहत निरीक्षण के लिए बनियाखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र में जा रहे थे। कुढ़फतेहगढ़ रोड पर उन्हें गांव पल्था मिठनपुर में राधेश्याम पब्लिक स्कूल संचालित मिले। वह निरीक्षण को पहुंच गए। बीएसए के पहुंचते ही वहां खलबली मच गई। वहां पढ़ा रहे अध्यापक चुपचाप दाएं-बाएं खिसक गए। इसके बाद संचालक बीएस को मान्यता से संबंधित कोई भी अभिलेख नहीं दिखा पाया। विद्यालय में करीब 150 बच्चे थे और यह स्कूल करीब दो साल से संचालित है। बीएसए ने बच्चों के नामों का रजिस्टर जब्त कर बीईओ को सौंप दिया। बच्चों को घर भेजकर विद्यालय को सील कर दिया है। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश् दिए हैं। आसपास में जिस मान्यता प्राप्त विद्यालय में बच्चे चाहते हैं, वहां उनका प्रवेश कराया जाए। अन्य बच्चों को परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए। ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।