मुरादाबाद। अपना दल (एस) ने सर्किट हाउस में सरदार पटेल की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष कलीम अख्तर अंसारी ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस दृढ़ इच्छाशक्ति, देशभक्ति और नेतृत्व के साथ भारत को एकता के सूत्र में बांधा, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी को सरदार पटेल के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प भी दिलाया। संचालन जिला महासचिव अंकित सपड़ा ने किया। इस अवसर पर चार नवंबर को बरेली में होने वाले पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा की गई। सभी से आह्वान किया गया कि इस प्रस्तावित कार्यक्रम में अधिक संख्या में लोग शामिल हों। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव मो. तल्हा खान, महानगर अध्यक्ष विवेक गंगवार, नेम सिंह बहेलिया, संजीव यादव, विजय शर्मा, गेंदन लाल पासी, नीटू उपाध्याय, शुभम शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे। ब्यूरो
सरदार पटेल ने दृढ़ता के साथ देश को किया एकजुट
मुरादाबाद। भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला के नेतृत्व में रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ। जिसमें सैकड़ों लोगों ने दौड़ लगाई। मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री डॉ. चंद्रमोहन ने सिविल लाइंस स्थित आंबेडकर पार्क से हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया।
धावक जैन मंदिर रोड, चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज होते हुए पीली कोठी स्थित एकता चौक पर पहुंचे। यहां मुख्य अतिथि ने क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, जिलाध्यक्ष आकाश पाल समेत कई पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें लौह पुरुष की उपाधि यूं ही नहीं मिली, बल्कि उन्होंने दृढ़ता के साथ भारत को एकजुट करने का काम किया है। उन्होंने अपने कौशल का परिचय देते हुए 565 रियासतों को भारत के साथ जोड़ने का काम किया।
इस मौके पर महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक रामवीर सिंह, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, गोसेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल, ब्लॉक प्रमुख संतोष सिंह, मनीष कुमार, राजेश चुन्नू, राजू कालरा, प्रिया अग्रवाल, अल्पना रितेश गुप्ता, निमित जायसवाल और राजीव गुप्ता समेत सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। ब्यूरो
कलेक्ट्रेट में कर्मचारियों ने ली शपथ
मुरादाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्जित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। जिलाधिकारी अनुज कुमार सिंह ने सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस पर आधारित शपथ दिलाई। ब्यूरो
समाज को तोड़ने के बजाय देश की एकता के लिए काम करे भाजपाः सपा
मुरादाबाद। सपा कार्यालय में आचार्य नरेंद्र देव और सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कहा गया कि भाजपा को चाहिए कि वह नफरत और समाज को तोड़ने की राजनीति के बजाय देश की एकता के लिए काम करे। जाति और धर्म के नाम पर खाई गहरी न करे।
सरदार पटेल के नक्शे कदम पर चलना ही है तो भाजपा एकता और सामाजिक समरसता एवं सद्भाव के लिए काम करने का संकल्प ले। महासचिव फुरकान अली ने कहा कि आचार्य नरेंद्र और सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए काम किया था। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही देश खुशहाली की ओर बढ़ सकेगा। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन और शैक्षिक सुधार में आचार्य नरेंद्र देव का बड़ा योगदान है।
उन्होंने समाजवादी आंदोलन से किसानों, मजदूरों और नौजवानों को जोड़ा था और आजीवन गरीबी व अशिक्षा के विरुद्ध संघर्ष किया था। कार्यक्रम में लाखन सिंह सैनी, शीरी गुल, मो. तकी, प्रेमबाबू वाल्मीकि, नौशाद पाशा, वेदप्रकाश सैनी समेत कई लोग मौजूद रहे। महानगर कार्यालय पर भी गोष्ठी हुई जिसकी अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष इकबाल अंसारी ने सभी को एकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन दाऊद अंसारी ने किया। यहां सलीम वारसी, फहीम मंसूरी, अहमद मुरादाबादी, हाजी राशिद हुसैन, जियाउल करीम समेत कई लोग मौजूद रहे। ब्यूरो