सपा प्रत्याशी बदले जाने के विरोध में राज्यसभा सदस्य को काले झंडे दिखाने को खड़े कार्यकर्ता।
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की लक्ष्मी सिनेमा हाल परिसर में आयोजित बैठक में पार्टी की आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई। बैठक में धन लेकर टिकट वितरण के आरोप भी लगे। इससे पूर्व, ऐन बक्त पर टिकट बदले जाने से आक्रोशित कुछ कार्यकर्ताओं ने राज्य सभा सदस्य जावेद अली खान के आने वाले रास्ते पर काले झंडे लगा दिए। जिन्हें प्रत्याशी के समर्थकों ने आनन फानन में उतरवाया।
चंदौसी नगर पालिका परिषद पर पहले सपा ने संगीता कोरी को टिकट दिया था लेकिन उसके बाद राज्य सभा सदस्य जावेद अली खान के पैनल में शामिल प्रत्याशी रेवाराम को सिंबल दे दिया गया। संगीता कोरी वैश्य घराने की बहू हैं, इस कारण कुछ वैश्य समाज के लोगों में भी गुस्सा दिखा। बैठक में जब राज्य सभा सदस्य जावेद अली खान व जिलाध्यक्ष फिरोज खां आने वाले थे तो रास्ते में कुछ कार्यकर्ताओं ने काले झंडे लगा दिए। जिससे सपाइयों में खलबली मच गई। हालांकि प्रत्याशी रेवाराम के परिजनों व समर्थकों ने आनन फानन में काले झंडों को उतरवा दिया। बैठक में जिला महासचिव हरवीर सिंह यादव ने टिकट वितरण में गड़बड़ी के आरोप मढ़े। विधान सभा चुनाव से लेकर अब पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ठगी किए जाने की बात कही। श्रीपाल दिवाकर ने भी बार बार टिकट काटे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई।
बाद में राज्य सभा सदस्य जावेद अली खान ने जिलाध्यक्ष फिरोज खां पर भी कटाक्ष करते हुए मुझे इस क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया, उसके बाद टिकट वितरण में कुछ गड़बड़िया की गई, जो उचित नही थी। रही बात काले झंडों की इससे उनका कोई सरोकार नहीं है, वह चाहे तो अपने घरों की दीवारे भी काली कर ले। पार्टी ने जिसे प्रत्याशी बनाया है, उसे चुनाव लड़ाया जाएगा। धनिया, मिर्च, डीजल में मिलावट करने वाले बराबरी कभी नहीं कर सकते। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष फिरोज खां को तो बोलने का मौका ही नहीं मिल सका।इसमें सतीश प्रेमी, राजीव रस्तोगी, नगराध्यक्ष महमूद अख्तर, वनवारी लाल पाठक, रेनू कुमारी, गीता वाल्मीकि, दाताराम भारती, पवन गुप्ता, राजेश कुमारी, संगीता यादव शामिल रहे।