छतारी (बुलंदशहर)। अलीगढ़ अनूपशहर हाइवे पर रविवार शाम को सामने से आ रहे पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें संभल निवासी बाइक सवार अनिल (30) की मौत हो गई। आरोपी चालक पिकअप छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
छतारी थाना प्रभारी ने बताया कि रविवार शाम को सूचना मिली कि अलीगढ़-अनूपशहर हाइवे पर बाइक और पिकअप की टक्कर हो गई है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। मौके से पिकअप चालक भाग गया था और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल था। बाइक चालक को तुरंत अलीगढ़ मेडिकल पहुंचाया गया। यहां उसको चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान संभल जिले के थाना बबराला अंतर्गत ग्राम पहलवाड़ा निवासी अनिल के रूप में हुई है। जानकारी मिली कि अनिल शाम करीब सात बजे अपनी बाइक से अलीगढ़ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर पीतमपुर गांव के पास पहुंचे सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। जिसके बाद वह सीधा अलीगढ़ मेडिकल पहुंच गए। मामले में अभी किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।