संभल जिले के बहजोई स्थित डीआर रिसॉर्ट में भाजपाइयों के कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को शिकायती पत्र देने बेटी के साथ पहुंची महिला को पुलिस ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। इसके बाद भी महिला डिप्टी सीएम को शिकायती पत्र देने की जिद पर अड़ी रही।
पुलिस ने कई बार महिला को खींचकर बाहर ले जाने की कोशिश की, लेकिन वह जमीन पर बैठकर रोने लगी। उसने पुलिस से जहरीली टेबलेट खाने की बात कही तो हड़कंप मच गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मी ने महिला से टेबलेट छीन ली। बाद में पुलिस महिला को कार्यक्रम हॉल से बाहर ले गई।
महिला ने अपना नाम वीरवती बताते हुए खुद को थाना धनारी क्षेत्र की निवासी बताया। रोते हुए महिला कहना था कि गांव के कुछ दबंग लोग उसे परेशान करने के साथ अभद्रता करते हैं। शिकायत करने पर भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। करीब दो माह बीत गए हैं।
दबंग परेशान कर रहे हैं। पुलिस सुन नहीं रही। यहां शिकायत देने आई है। यहां भी कोई मिलने नहीं दे रहा।
भाजपा पदाधिकारियों ने पुष्प गुच्छ देकर किया स्वागत
बहजोई के बड़ा मैदान पर बने हैलीपेड पर डिप्टी सीएम का उड़न खटोला बृहस्पतिवार को पौने एक बजे करीब उतरा। यहां डीएम मनीष बंसल व एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने तथा बाद में राज्यमंत्री गुलाब देवी व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव समेत अन्य भाजपा पदाधिकारियों ने डिप्टी सीएम को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
इसके बाद डिप्टी सीएम ने गार्द की सलामी ली। बाद में डिप्टी सीएम का काफिला बड़ा मैदान से जैसे ही डीआर रिसॉर्ट की ओर रवान हुआ। वैसे ही संभल बाईपास पर लोगों की भीड़ इकटठा हो गई। यहां पुलिसकर्मियों व एलआईयू कर्मियों समेत डिप्टी सीएम के साथ आए सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को हटाया और काफिला डीआर रिसॉर्ट के लिए रवाना हुआ।
हाईवे पर जाम में फंसे वाहन
डिप्टी सीएम का काफिला जहां-जहां से गुजरा। वहां-वहां पर पुलिस ने वाहनों का आवागमन रोक दिया। इससे मुरादाबाद-आगरा हाईवे समेत संभल बाईपास व इस्लामनगर रोड की ओर सड़क पर वाहन जाम में फंसे रहे। काफिला गुजरने के बाद वाहनों को गंतव्य की ओर रवाना होने दिया गया।
पुष्प गुच्छ को लेकर डिप्टी सीएम ने ली चुटकी
नगर में बड़ा मैदान पर बने हैलीपेड पर उखन खटोला उतरने के बाद जैसे ही डिप्टी सीएम बाहर निकले। वैसे ही अधिकारियों व भाजपाइयों ने पुष्प गुच्छ देकर डिप्टी सीएम का स्वागत किया। बावजूद इसके कुछ पुष्प गुच्छ प्लास्टिक पॉलीथीन के कवर में होने के कारण डिप्टी सीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि प्लास्टिक पॉलीथीन में पुष्प गुच्छ देना तो काफी दिनों से बंद है।
इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार हो गया फिर सादातबाड़ी की गोशाला या फिर शूटिंग रेंज। डिप्टी सीएम जहां-जहां गए। वहां-वहां कागज के कवर में ही पुष्प गुच्छ भेंटकर डिप्टी सीएम का स्वागत किया गया।
डिप्टी सीएम ने ली चाय की चुस्की
सादातबाड़ी के प्राचीन पातालेश्वर महादेव मंदिर में दुग्धाभिषेक व पूजा-अर्चना तथा बहजोई में बबराला रोड पर शूटिंग रेंज की शुरूआत करने के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का काफिला नगर के इस्लामनगर रोड पर आकर रुक गया।
डिप्टी सीएम ने कार से उतरकर प्रधान भजनलाल यादव की दुकान पर मिटटी के कुल्हड़ में चाय की चुस्की का लुत्फ उठाया। बाद डिप्टी सीएम का काफिला चंदौसी की ओर रवाना हो गया।