संभल। अब जिला अस्पताल फत्तेहपुर शरीफनगर में बनेगा। इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। डीएम ने प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। शासन से हरी झंडी मिलते ही प्रक्रिया तेज होगी। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया का कहना है कि प्रस्ताव मंजूर होते ही प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराया जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी जल्दी ही मिल जाए। इसके के लिए प्रयास भी किया जा रहा है।
जिला अस्पताल बहजोई में कलक्ट्रेट के नजदीक बड़े मैदान की करीब पांच एकड़ भूमि में निर्माण किया जाना था। इसके लिए शासन से मंजूरी मिल गई थी। 100 बेड के इस अतिआधुनिक अस्पताल में 124 करोड़ रुपये खर्च किए जाने थे। शासन की ओर से कार्यदायी संस्था लोकनिर्माण विभाग (भवन खंड) को चयनित किया था। कार्यदायी संस्था ने मिट्टी की टेस्टिंग तक करा ली थी लेकिन जब जमीन का मामला हाईकोर्ट पहुंचा तो जिला अस्पताल की प्रक्रिया थम गई।
अब अधिकारियों ने निर्णय लिया है कि फत्तेहपुर शरीफनगर में जहां मुख्यालय बन रहा है। उसके नजदीक ही जिला अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। मुख्यालय के नजदीक ही जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव भेजा गया है। जानकारी के अनुसार अब चार मंजिला इमारत नहीं बनाई जाएगी। बल्कि भवन को बड़े क्षेत्रफल में बनाया जाएगा।
0000000000000
14 साल से जिला अस्पताल का इंतजार
वर्ष 2011 में संभल जिला सृजित किया गया था। इसके बाद अधिकारियों के कार्यालय से लेकर आवास तक अस्थायी तौर पर बनाए गए। जिला मुख्यालय बहजोई ब्लॉक में संचालित होता है। इसी ब्लॉक के परिसर में डीएम और एसपी के कार्यालय बने हैं। जिला अस्पताल का संचालन संभल सीएचसी की बिल्डिंग में शुरू कराया गया था। समय बीतता गया लेकिन जिला अस्पताल को स्थाई ठिकाना नहीं मिला। आमतौर पर जिला अस्पताल के परिसर या नजदीक में पोस्टमार्टम हाउस होता है लेकिन संभल का पोस्टमार्टम हाउस करीब 30 किलोमीटर बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बहापुर पट्टी के पीएचसी में बनाया गया। इससे स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को कार्रवाई में असुविधा होती है।
000000000000
जिले की तीन तहसीलों का केंद्र रहेगा जिला अस्पताल
जिला अस्पताल चंदौसी से 22 किलोमीटर की दूरी पर पड़ेगा। गुन्नौर से यह दूरी करीब 30 किलोमीटर और संभल से 27 किलोमीटर रहेगी। अधिकारियों के अनुसार जिला अस्पताल तीनों तहसीलों के लोगों के लिए सुविधाजनक रहेगा।
00000000000
संभल सीएचसी जर्जर भवन में संचालित हो रही
संभल सीएचसी के लिए ही बिल्डिंग बनी थी। कुछ समय सीएचसी का संचालन भी किया गया लेकिन जब जिले की घोषणा हुई तो सीएचसी पुराने भवन में शिफ्ट कर दी गई। अब सीएचसी की बिल्डिंग पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। सीएचसी की मरम्मत भी नहीं हो पा रही है। सीएचसी के स्टाफ को यह उम्मीद है कि जब जिला अस्पताल को भवन मिले तो सीएचसी अपने भवन में शिफ्ट हो सकेगी। हालांकि अभी यह इंतजार लंबा करना पड़ेगा।
000000000000
कोट
शासन को जमीन का प्रस्ताव भेज दिया गया है। अब मंजूरी मिलने का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराया जाएगा।
डॉ. राजेंद्र पैंसिया, डीएम, संभल