संभल में हुए बवाल के जख्मों को भूलकर लोग आगे बढ़ रहे हैं। सोमवार को साप्ताहिक बंदी के बाद भी बाजार में काफी चहल-पहल रही। बाजारों में ग्रामीण क्षेत्र से भी लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचे। जिससे जिंदगी पटरी पर लौटने लगी है।24 नवंबर की सुबह साढ़े आठ बजे जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान बवाल शुरू हुआ था।
सोमवार को जामा मस्जिद के आसपास की सभी दुकानें खुली हुई दिखाई दीं। लोगों की चहल पहल भी काफी नजर आई। करीब आठ दिन तक इस इलाके में बवाल का असर दिखाई दिया। क्योंकि 24 नवंबर की सुबह जामा मस्जिद से ही बवाल शुरू हुआ था।
इस बवाल के दौरान ही कार और बाइकाें को उपद्रवियों ने फूंक दिया था। ज्यादातर लोग घर छोड़कर भाग गए थे। और जिन लोगों की दुकानें जामा मस्जिद के नजदीक थीं वह दुकान खोलने की हिम्मत नहीं दिखा पा रहे थे। अब पुलिस प्रशासन के प्रयास से लोगों ने अपनी दुकानों को खोलकर कारोबार को शुरू किया है।
25 नवंबर से जब भी सदन चला, हमने संभल में हुए बवाल की शिकायत दर्ज कराई है। सरकार को शिकायत सुनकर पीड़ितों को न्याय दिलाना होगा। हम तब तक आवाज उठाते रहेंगे जब तक सरकार शिकायत का समाधान न कर दे। यह कहना है संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क का।
उन्होंने बताया कि संभल में बवाल के दौरान जिन पांच लोगों की जान गई है, उनके परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। इसलिए ही सदन में सपा के सभी सांसद लगातार आवाज उठा रहे हैं। कई बाद सदन भी स्थगित हो गया है। सोमवार को भी सदन नहीं चल सका। जनता भी देख रही कि सरकार किस तरह से पुलिस प्रशासन का बचाव करने में लगी है।
जिनकी जान गई है, उनके परिवार के दर्द को सरकार समझने को तैयार नहीं है। सांसद ने यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि चुनाव के समय तो मुस्लिम हितैषी बनते हैं और अब जिनकी जान गई है, उनको गुंडा बता रहे हैं। प्रदेश के जिम्मेदार लोग इस नफरत की राजनीति को समझ रहे हैं और वह समय पर इसका जवाब भी देंगे।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय हुई है। समाजवादी पार्टी की साइकिल पंक्चर हो गई। मुरादाबाद की कुंदरकी में बड़ी संख्या में मुस्लिमों ने भाजपा प्रत्याशी को वोट किया। करहल में भी भाजपा को बड़ी संख्या में वोट मिले।
चंद्रशेखर और ओवैसी को भाजपा का सहायक बताने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि हम किसी के भरोसे नहीं हैं। 100 में से 60 प्रतिशत वोट हमारा है और उनका 40 में भी बंटवारा है। इस बंटवारे में भी हमारा हिस्सा है। सर्किट हाउस में सोमवार को पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संभल में कोर्ट के आदेश से हो रहे सर्वे की आड़ में सपा सांसद और विधायक के समर्थकों ने विवाद खड़ा किया, जिसमें कई लोग मारे गए।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के वोट की लूट के आरोपों पर कहा कि वे खुद वोट के लुटेरे हैं, बूथ कैप्चरिंग करने वाले हैं। चुनाव जीत जाए तो ईवीएम सही, हार जाए तो ईवीएम व चुनाव आयोग खराब। सपा न हिंदुओं की, न ही मुस्लिमों की। वहीं, उप मुख्यमंत्री से मिलने के लिए सर्किट हाउस में सुरक्षाकर्मियों और भाजपा नेताओं की नोकझोंक भी हुई।