चंदौसी (संभल)। संभल जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा में हत्या के आरोपी मुल्ला अफरोज व गुलाम से जुड़े मुकदमे में तत्कालीन सीओ अनुज चौधरी की गवाही शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। इस दौरान अनुज चौधरी से 125 सवाल पूछे गए, जिनके उन्होंने जवाब दिए। मामले में अगली गवाही अब 21 मई को होगी।
पहले यह गवाही 12 मई को होनी थी, लेकिन आरोपियों के अधिवक्ताओं और अभियोजन पक्ष के बीच उनकी फिजिकल उपस्थिति को लेकर हुई बहस के बाद जिला जज ने वीसी माध्यम से सुनवाई के लिए 16 मई की तारीख तय की थी।
बताते चलें कि नवंबर 2024 में संभल जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का दावा किए जाने के बाद कोर्ट द्वारा नियुक्त एडवोकेट कमिश्नर दूसरे चरण का सर्वे कर रहे थे। इसी दौरान हिंसा भड़क गई थी। हिंसा में जमकर पथराव, फायरिंग और आगजनी हुई थी। गोली लगने से चार लोगों की मौत हो गई थी। मामले में करीब 100 लोगों को जेल भेजा गया था। इनमें पर्दे के पीछे रहकर हिंसा की साजिश रचने के आरोपी शारिक साठा गैंग के मुल्ला अफरोज व गुलाम को हिंसा के दौरान दो लोगों की हत्या के आरोप में जेल भेजा गया था।
मुल्ला अफरोज व गुलाम के खिलाफ दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 340 में सुनवाई चल रही है। शुक्रवार को उस समय संभल के सीओ रहे अनुज चौधरी की गवाही हुई। जनपद न्यायाधीश डॉ. विदुषी सिंह की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान आरोपियों के अधिवक्ताओं ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुज चौधरी से कई सवाल पूछे।
बीती 12 मई को हुई सुनवाई के दौरान आरोपियों के अधिवक्ताओं ने अनुज चौधरी की फिजिकल उपस्थिति में गवाही कराए जाने की मांग की थी। वहीं, जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल दीक्षित ने शासनादेश और चर्चित पुलिस अधिकारी की सुरक्षा का हवाला देते हुए वीसी माध्यम से ही सुनवाई कराए जाने की दलील दी थी।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने वीसी माध्यम से ही सुनवाई कराने के लिए 16 मई की तारीख निर्धारित की थी। सुनवाई के दौरान आरोपियों के अधिवक्ताओं द्वारा मुकदमे से हटकर सवाल पूछे जाने पर जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल दीक्षित ने विरोध जताया और मामले से संबंधित सवाल ही पूछने की बात कही।
-
घटना के समय कौन से हथियार गए थे, कितने बोर के थे
चंदौसी। संभल हिंसा में आरोपी मुल्ला अफराेज व गुलाम के मुकदमे में वीसी के माध्यम से तत्कालीन सीओ अनुज चौधरी की गवाही के दौरान आरोपियों के अधिवक्ताओं द्वारा करीब 125 सवाल पूछे गए थे। पूछा गया कि वह घटना के समय कौन से हथियार और कितने बोर का ले गए थे। उनके हमराहों के पास कौन-कौन से हथियार थे। सभी सवालों का अनुज चौधरी ने जवाब दिया। हिंसा के मामले में दर्ज अन्य मुकदमों के संबंध में सवाल करने पर डीजीसी राहुल दीक्षित ने ऐतराज जताया। करीब दो घंटे तक अदालत में गवाही चली। संवाद