संभल। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारी संभल के निर्यातक तेजी से कर रहे हैं। हड्डी-सींग के उत्पादों के लिए देश विदेश में अपनी पहचान बना चुका संभल अब 21 से 25 सितंबर तक आयोजित होने वाले ट्रेड शो में अपने उत्पादों से विदेशी कारोबारियों को अपनी और आकर्षित करेगा। इसकी लगभग पूरी तैयारी है। यह ट्रेड शो ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजिन होगा। संभल को हड्डी सींग के उत्पादों में जीआई टैग मिल गया है तो इसका लाभ भी होना तय है। विदेशों से आने वाले कारोबारी हड्डी सींग के उत्पाद संभल के निर्यातकों से ही ऑर्डर करेंगे। निर्यातकों को भी उम्मीद है कि इस ट्रेड शो से कारोबार बढ़ जाएगा। उत्पादों की मांग ज्यादा बढ़ जाए। इसलिए हड्डी-सींग के अलावा सीप, लकड़ी और अन्य तरह के उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश सरकार का बड़ा आयोजन है। इसमें युवा और महिला उद्यमियों का भी ख्याल रखा गया है। जो युवा उद्यमी हैं जिन्होंने एक या दो वर्ष पहले ही निर्यात शुरू किया है। उन्हें कम खर्च में स्टॉल मिल रहे हैं। वहीं महिला उद्यमियों के लिए भी स्टॉल का खर्च कम लिया जा रहा है। संभल से दो महिला उद्यमियों ने स्टॉल बुक कराए हैं।
ट्रेड शो में संभल हॉर्न बोन क्राफ्ट की ओर से दो स्टॉल लगाए जाएंगे। हड्डी और सींग के ही उत्पाद होंगे। जीआई टैग मिलने से ज्यादा लाभ होगा। पूरे भारत में अब हड्डी और सींग के उत्पाद संभल से ही उपलब्ध होंगे। विदेशों में भी संभल की पहचान अब जीआई टैग से हो जाएगी।
जीआई टैग मिलने से हड्डी और सींग के उत्पादों की पहचान हर तरफ होने जा रही है। दो से आठ अक्तूबर तक कश्मीर में आयोजित होने वाले जीआई महोत्सव में भी संभल के उत्पाद सजाए जाएंगे। देशभर के जीआई टैग के उत्पाद कश्मीर में आयोजित होने वाले महोत्सव में शमिल होंगे। इस महोत्सव भी संभल के हस्तशिल्प कारोबारियों को लाभ मिलेगा।