चंदौसी में जहां रामवीर की तलाश में परिजन मुख्य द्वार पर आंखें गड़ाए बैठे थे। वहीं एनडीआरएफ व एसडीआरएफ समेत दमकल की टीमें रामवीर की तलाश कर रही थीं। जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी आलू की बोरियों के नीचे दबे हुए श्रमिकों के बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे।
वहीं शाम चार बजे करीब जैसे ही आलू की बोरियों के नीचे दबा एक मजदूर दिखाई दिया, रेस्क्यू टीम ने उसके आसपास से मलबा हटाया। मजदूर मृत अवस्था में था। वहीं अपनों की तलाश में पास खड़े परिजनों ने मृतक मजदूर की पहचान रामवीर पुत्र राजेंद्र निवासी गांव एंतोल थाना चंदौसी के रूप में की।
मलबे में दिखने के बाद रेस्क्यू टीम ने रामवीर के ऊपर से आलू की बोरियों को हटाना शुरू किया। करीब 12 मिनट की मशक्कत के बाद आलू की बोरियों से बाहर निकालकर रेस्क्यू टीम ने पुलिस की मदद से रामवीर के शव को एबुलेंस तक पहुंचाया।
दूसरी ओर रामवीर का शव देखकर परिजन बिलख पड़े और रामवीर का चेहरा देखने के लिए मुख्यद्वार तक एंबुलेंस के पीछे दौड़े। बाद में चिकित्सा टीम ने एंबुलेंस का दरवाजा खोलकर परिजनों को रामवीर का चेहरा दिखाया।