संभल सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता ममलुकुर्रहमान बर्क ने कहा है कि संभल पुलिस जुल्म कर रही है। लोगों के घर दबिश देने जा रही पुलिस महिलाओं के साथ भी अभद्रता कर रही है। जब तक पुलिस दबिश बंद नहीं करेगी, तब तक शहर का माहौल सामान्य नहीं होगा।
पिछले कुछ फैसलों से देश में तनाव बढ़ रहा था। उपासना स्थल अधिनियम 1991 की अनदेखी की जा रही थी। अब सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम फैसले से देश को काफी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम फैसले का इस्तकबाल करता हूं। यह कहना है संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क का।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आतिर हुसैन ने संभल के हालात के लिए बसपा, सपा और भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि संभल एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण शहर रहा है, जो राजनीति और सामाजिक दृष्टि से भी अहम स्थान रखता है।
यहां से मुलायम सिंह यादव, प्रोफेसर राम गोपाल यादव जैसे बड़े नेताओं ने लोकसभा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। भाजपा, सपा और बसपा जैसे प्रमुख दलों से जुड़े नेताओं ने इस क्षेत्र में सत्ता की बागडोर संभाली और विभिन्न सरकारों में मंत्रियों के रूप में योगदान दिया।
अफसोस इस ऐतिहासिक शहर के भविष्य को लेकर कोई चर्चा नहीं होती। यहां विकास ठहर गया है। शहर वासियों का दिल्ली-संभल रेल लाइन का सपना अब पुराना हो गया है। इसके अलावा, बसपा, सपा और भाजपा ने अगर शिक्षा के क्षेत्र कोई काम किया है तो बताना चाहिए। चर्चा शहर के भविष्य और विकास पर होनी चाहिए।