संभल में चेकिंग के दौरान बाइक की चालान काटने पर पुलिस से धमकी भरे लहजे में बात की गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंच गया। हालांकि, यह मामला गुरुवार का है लेकिन शनिवार को पुलिस ने इसमें कार्रवाई की है।
दरअसल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मियां सराय तश्तपुर निवासी मोहम्मद अशरफ को गुरुवार को चंदौसी चौराहे पर यातायात पुलिस ने चेकिंग के लिए रोक लिया था। मोहम्मद अशरफ बाइक पर सवार थे और यातायात के नियमों के उल्लंघन में पुलिस उनका चालान काट रही थी। इस दौरान वह दरोगा से बोले कि जितने का चाहो चालान काट दो सरकार आने पर इसका हिसाब होगा। बोले कि या तो हम रहेंगे या फिर आप रहेंगे।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जो चर्चा का विषय बना। उच्च अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया तो कोतवाली की पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। कोतलाल पंकज लावानिया ने बताया कि चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी से कहासुनी करने वाले युवक के खिलाफ शातिभंग में कार्रवाई की गई है।