फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नोएडा में सजेंगे सजावट और घरेलू जरूरत के हस्तशिल्प उत्पाद

Mon, 08 Jan 2018 02:13 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला संभल
विज्ञापन
मुरादाबाद में सजा हस्तशिल्प बाजार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नोएडा के एक्सपो मार्ट में अगले महीने हो रहे भारतीय हस्तशिल्प और उपहार मेले में संभल और सरायतरीन में बनने वाले हस्तशिल्प उत्पाद चमकेंगे। इन उत्पादों को मेले में ले जाने के लिए निर्यातक तैयारी कर रहे हैं। विदेशी खरीदारों के बड़ी संख्या में आने की उम्मीद की जा रही है। क्योंकि विदेशों में क्रिसमस और नव वर्ष के अवसर पर हस्तशिल्प उत्पादों की अच्छी खासी बिक्री हुई है। खरीदारों से बातचीत में निर्यातकों को यह संदेश मिल चुका है। इसलिए वह अगले आर्डर की उम्मीद में उत्साहित हैं।
विज्ञापन


लखनऊ के हस्तशिल्प ग्राम में उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर 24 जनवरी को संभल और सरायतरीन का हस्तशिल्प चमकेगा। इसके बाद उद्यमी और निर्यातक नोएडा में आयोजित भारतीय हस्तशिल्प और उपहार मेला-2018 में भागीदारी करेंगे। मेले में जिन उत्पादों के नए आर्डर मिल सकते हैं उनके नमूने बनाकर तैयार किए जा रहे हैं। संभल के निर्यातकों का कहना है कि मेले में घरेलू जरूरतों के साथ त्योहारों और उत्सव के मौकों पर सजावट के योग्य सामान तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही आकर्षक उपहार में दिए जाने वाले किफायती उत्पादों पर ध्यान है। यूरोप और अमेरिका के बाजार को ध्यान में रखकर उत्पाद बनाए जा रहे हैं।

इसमें फोटो फ्रेम, ट्रे, टी-कोस्टर, रसोई की जरूरत के सामान, फैशन ज्वेलरी, हड्डी सींग की कटलरी शामिल है। इसे लेकर संभल व सरायतरीन के निर्यातक नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट में हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद की ओर से आयोजित मेले में भागीदारी करेंगे। मेला 23 से 27 फरवरी तक चलेगा। भारतीय हस्तशिल्प और उपहार मेले को लेकर काफी उत्सुकता और उत्साह का माहौल है। निर्यातकों का कहना है कि हाल में ही क्रिसमस का त्योहार बीता है और यूरोप तथा अमेरिका के देशों में क्रिसमस पर अच्छी बिक्री हुई है। इसलिए विदेशी खरीदार अगले माल को खरीदने के लिए उत्साहित हैं।
विज्ञापन


इन हस्तशिल्प उत्पादों और उपहारों की रहेगी धूम
संभल। मेले में घरेलू जरूरतों, त्योहारी सजावशों के सामान, घर तथा दफ्तर के फर्नीचर, उद्योग और घर के परिसर को सजाने का सामान, बाथरूम एक्सेसरीज, होम फर्निशिंग, कालीन, रग्स, फ्लोर एक्सेसरीज, लैंप एवं लाइट्स, होली डे डेकोर, स्पा एवं वेलनेस, हस्तनिर्मित कागजी उत्पाद, शैक्षणिक खिलौने, ट्रॉफियां, फैशन ज्वेलरी एवं एक्सेसरीज को प्रदर्शित किया जाएगा।

मेले में 100 से ज्यादा देशों की रहेगी भागीदारी
संभल। हस्तशिल्प और उपहार मेले में संसार के 100 से भी ज्यादा देशों के खरीदार आने की उम्मीद है। इनमें अमेरिका, यूरोप और खाड़ी देशों के खरीदार शामिल होंगे। आयोजकों के मुताबिक अर्जेंटीना, ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, ब्राजील, कनाडा, चिली, चीन, डेनमार्क, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, हॉलैंड, हांगकांग, इटली, इजरायल, जापान, कोरिया, मैक्सिको, न्यूजीलैंड, नॉर्वे, ओमान, फिलीपींस, पोलैंड, कतर, रोमानिया, रूस, दक्षिण अफ्रीका, स्लोवाकिया, स्पेन, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, थाईलैंड, तुर्की, जिम्बाब्वे के लोग हर बार की तरह इस बार भी आएंगे।


भारतीय हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद के इस हस्तशिल्प और उपहार मेले से प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी उम्मीदें हैं। हम घरेलू जरूरतों के आइटम तैयार कर रहे हैं। विदेशी बायर्स से अच्छे आर्डर मिले तो इंडस्ट्री आगे बढ़ेगी।
कमल कौशल वार्ष्णेय, निर्यातक।

मेरी यूरोप और अमेरिका के बायर्स से फोन पर बातचीत हुई है। क्रिसमस और न्यू ईयर के त्योहारी बाजार में भारतीय हस्तशिल्प उत्पादों को वहां पर काफी पसंद किया गया है। बिक्री भी हुई। इसलिए आगामी मेले को लेकर हम लोग अच्छी तैयार रहे हैं। उत्पाद पसंद किए गए तो अच्छे आर्डर मिलेंगे।
विज्ञापन

शारिक, निर्यातक।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें