माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी
- फोटो : अमर उजाला
संभल के चंदौसी में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य अपनी राजनीति चमकाने के लिए श्रीराम चरित मानस पर गलत बयान बाजी कर रहे हैं। उन पर सपा की संगत और संपर्क का असर पड़ रहा है। व्यक्ति जैसे संपर्क में रहता है, वैसी उसकी धारणा बन जाती है। अगर वो रामचरित मानस का पाठ करें, तो उनके अंदर एक मानवता जागेगी। उससे उन्हें पता चलेगा कि श्रीराम चरित मानस त्याग और समर्पण का संदेश देती है।
एमएलसी चुनाव के लिए चंदौसी तहसील में बने मतदान केंद्र पर माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी मतदान करने पहुंची। वहां पर स्वामी प्रसाद मौर्य के रामचरित मानस पर प्रतिबंध लगाए जाने के बयान के बारें में गुलाब देवी ने तीखा वार किया है।
गुलाब देवी ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य को सद्बुद्धि के लिए रामचरितमानस का पाठ करना चाहिए, ताकि उन्हें पता चले श्रीराम चरित मानस सेवा समर्पण और त्याग की सीख देती है , न की किसी की आलोचना करने की। मेरी कामना है कि रामचरित मानस का पाठ करके उनके अंदर मानवता जागृत हो। गुलाब देवी ने एमएलसी चुनाव के मतदान को लेकर कहा कि हमारी ऐहतिहासिक जीत होगी और भाजपा पांचों सीट जीतेगी।