जहां हुआ बवाल वहां बनाई जा रही हैं चौकियां
जामा मस्जिद से बवाल शुरू हुआ था। इसके बाद हिंदूपुरा खेड़ा और नखासा तिराहा व दीपा सराय तक इस बवाल की आग पहुंची थी। पुलिस ने हिंदूपुरा खेड़ा और दीपा सराय में पुलिस चौकी का निर्माण शुरू करा दिया है। दीपा सराय में दरोगा और सिपाही पर जानलेवा हमला किया गया था और लूटपाट की थी। हिंदूपुरा खेड़ा में पुलिस पर जानलेवा हमला किया गया था। पुलिस ने बमुश्किल हालात पर काबू पाया था। इसको देखते हुए ही पुलिस चौकियां बनाने का निर्णय लिया गया है।
खग्गू सराय में भी बनाई जाएगी पुलिस चौकी
खग्गू सराय में 46 वर्ष बाद मंदिर के कपाट पुलिस-प्रशासन के सहयोग से खुलवाए गए हैं। इस मंदिर की सुरक्षा को बढ़ाया गया है। अब इस इलाके में एक पुलिस चौकी निर्माण किए जाने की योजना है। हालांकि अभी प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। मंदिर की सुरक्षा के लिए यह निर्णय अधिकारियों ने लिया है।
1978 के दंगे के दौरान इस इलाके से हिंदू समाज के लोग पलायन कर गए थे। इसलिए मंदिर में ताला लग गया था। अब मंदिर तो खुल गया है लेकिन हिंदू आबादी नहीं रहती है। एसपी का कहना है कि पुलिस चौकी खग्गू सराय में भी निर्माण होनी है। अभी तीन पुलिस चौकी का निर्माण चल रहा है। जल्द खग्गू सराय का भी निर्माण शुरू कराया जाएगा।
पुलिस चौकी निर्माण के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से शहर को कवर किया जा रहा है। जिससे पुलिस की हर गतिविधि पर नजर रहे। शहर में सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है। -कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी, संभल