संभल के नखासा थाना क्षेत्र में एंटी करप्शन टीम ने ग्रामीण सहकारी समिति के सचिव राकेशपाल सिंह को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। सचिव ने अकाउंटेंट की वेतनवृद्धि जोड़ने के लिए रिश्वत मांगी थी।
नखासा थाना क्षेत्र के गांव शरीफपुर स्थित बहुउद्देश्य प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति के सचिव राकेशपाल सिंह को एंटी करप्शन टीम ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते समिति कार्यालय से गिरफ्तार किया है। समिति में तैनात अकाउंटेंट योगेंद्र सिंह से वेतनवृद्धि वेतन में जोड़ने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी।
विज्ञापन
इसके बाद ही एंटी करप्शन टीम से शिकायत दर्ज कराई गई। मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे टीम ने समिति के कार्यालय पहुंचकर रिश्वत के साथ गिरफ्तार कर लिया। नखासा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पीड़ित अकाउंटेंट ने बताया कि अगस्त 2023 से उनकी वार्षिक वेतनवृद्धि उसके वेतन में नहीं जोड़ी गई है।
समिति के सचिव से वेतनवृद्धि जोड़ने के लिए कहा गया तो उसने पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। जब रुपये नहीं दिए तो वेतनवृद्धि वेतन में नहीं जोड़ी गई। इसके बाद एंटी करप्शन की मुरादाबाद इकाई में शिकायत दर्ज कराई थी।
विज्ञापन
इसके बाद ही टीम ने प्लान जो बताया उसके अनुसार कार्यालय में पांच हजार रुपये की रिश्वत सचिव को दी और इसी दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी ने बताया कि नखासा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अब न्यायालय में पेश किया जाएगा।
वहीं, दूसरी ओर समिति के अधिकारी व कर्मचारी भी पहुंच गए थे। एंटी करप्शन की टीम को बताया कि सचिव को गलत फंसाया गया है। हालांकि यह तर्क टीम के सामने काम नहीं आ सका। टीम ने बताया कि जो रिश्वत के रुपये लिफाफे में रखे गए थे उन रुपयों के साथ गिरफ्तारी की गई है।