सरायतरीन के मोहल्ला भूड़ा में एक हैंडीक्राफ्ट कारखाने में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। कारखाने में रखे केमिकल के ड्रम फटने से आग ने विकराल रूप ले लिया। एहतियातन आसपास के एक दर्जन घर खाली कराए गए। संभल और बहजोई से पहुंची दमकल की दो गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं।
सरायतरीन के मोहल्ला भूड़ा में वसीम के हैंडीक्राफ्ट कारखाने में भीषण आग लग गई। कारखाने में केमिकल के ड्रम होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। करीब 500 मीटर दूर से भी आग का धुआं दिखाई देने लगा।
विज्ञापन
एहतियातन आसपास के करीब एक दर्जन घरों को खाली कर लिया गया। पुलिस के संभल और बहजोई से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर पानी डालकर बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इस बीच केमिकल के ड्रम के फटने की आवाज भी आती रही।
आग की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है, हालांकि आसपास के घरों की छतों पर लोग जमा होकर नजारे को देख रहे हैं। लोग ऊपर वाले से आग पर काबू पाए जाने के लिए दुआएं कर रहे हैं। सीओ आलोक कुमार भी मौके पर पहुंचे हैं।
विज्ञापन
माना जा रहा है कि शार्ट सर्किट की वजह से कारखाने में आग लगी। पहले लकड़ी का समान जलने लगा और फिर केमिकल को भी आग ने चपेट में ले लिया। जिस वक्त कारखाने में आग लगी उस समय मजदूर काम कर रहे थे, जिन्होंने किसी तरह भाग कर जान बचाई।