संभल। कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही मास्क और सैनिटाइजर की बिक्री भी बढ़ गई है। अब लोगों में मास्क खरीदने की इच्छा ज्यादा हो रही है। सैनिटाइजर की भी खरीदारी लोग खूब कर रहे हैं। मेडिकल स्टोर संचालकों का कहना है कि मास्क व सैनिटाइजर की बिक्री कोरोना की पहली लहर से कहीं ज्यादा है। हर व्यक्ति की मांग मास्क व सैनिटाइजर है। हालांकि मास्क और सैनिटाइजर के दाम में काफी फर्क हो गया है। पहली लहर के दौरान जिस दाम में बिक्री हुई थी, अब कोरोना की दूसरी लहर में उससे ज्यादा दाम में बिक्री हो रही है।
बुधवार को मास्क और सैनिटाइजर की बिक्री को लेकर शहर के कई मेडिकल स्टोर संचालकों से जानकारी ली गई। इसमें मालूम हुआ कि शहर में कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही मास्क और सैनिटाइजर की बिक्री पिछले वर्ष के मुकाबले तीन गुना बढ़ गई है। कोरोना की पहली लहर और दूसरी लहर के दौरान बिक्री में काफी अंतर है। मांग भी पहली लहर से अब काफी ज्यादा है। पहले लोग सैनिटाइजर का भाव करते थे लेकिन अब खरीदकर ही लेकर चले जाते हैं। हर दिन हजारों मास्क की बिक्री शहर में हो रही है। संक्रमण बढ़ने के साथ ही हालात अब ऐसे हो गए हैं कि सैनिटाइजर बाजार में मिलना मुश्किल हो रहा है।