सरकारी और विभागीय योजनाओं के कियान्वयन में शिथिलता बरते जाने को लेकर जिले के पांच बीईओ(खंड शिक्षा अधिकारी) के वेतन आहरण पर रोक लगाई गई है। बीते दिनों हुई समीक्षा बैठकों में दिए गए अधिकारियों के निर्देशों का अनुपालन न करने और बेसिक शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं में दिए गए लक्ष्यों के प्रति कार्य किए जाने में शिथिलता बरते जाने पर सीडीओ कमलेश सचान की ओर से कार्रवाई की गई है। इसमें असमोली के बीईओ सुल्तान अहमद समेत संभल व बनियाखेड़ा की बीईओ बबीता सिंह, पंवासा व बहजोई के बीईओ मुंशी लाल पटेल, जुनावई के बीईओ अरुण कुमार सिंह व रजपुरा के बीईओ देवेंद्र पाल सिंह के वेतन आहरण पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा निपुण भारत अभियान में भी शिथिलता बरतते हुए गूगल सीट पर डाटा संकलित न किए जाने को लेकर जिला समन्वयक एमआईएस आकाश कुमार के मानदेय पर भी रोक लगाई गई है। इस बीच इन सभी बीईओ व डीसी एमआईएस से विभागीय कार्यों को पूरा करते हुए बीएसए दफ्तर के माध्यम से एक सप्ताह में अपना स्पष्टीकरण भी उपलब्ध कराए जाने को कहा गया है। समय रहते स्पष्टीकरण न दिए जाने पर आगे की कार्रवाई को चेताया गया है।