संभल। गुन्नौर के प्राथमिक विद्यालय खलीलपुर के प्रधानाध्यापक के निधन के आठ माह बाद भी पारिवारिक पेंशन व अन्य देय का भुगतान नहीं हो पाया है। शिकायत पर इस मामले में लापरवाही मानते हुए सीडीओ ने खंड शिक्षा अधिकारी गुन्नौर पोप सिंह का जुलाई माह का वेतन रोक दिया है तथा कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।
सीडीओ कमलेश सचान ने बताया कि उच्च प्राथमिक विद्यालय खलीलपुर के प्रधानाध्यापक अतर सिंह का दिसंबर 2022 में निधन हो गया था। उनके बेटे कौशल ने दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पिता की मृत्यु के बाद उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय गुन्नौर में समस्त अभिलेख जमा कर दिए थे। पर आठ माह का समय बीतने के बाद भी न तो पारिवारिक पेंशन जारी की गई और न ही ग्रेच्युटी, बीमा, पीएफ, आदि देयकों का गतान किया गया। पूर्व में भेजे गए आवेदन में प्राधिकृत अधिकारी पेंशन मुरादाबाद ने दो आपत्ति लगाकर उसे वापस कर दिया था। इन आपत्तियों का निस्तारण खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय गुन्नौर से होना है। पर आपत्तियां आए हुए दो माह का समय बीत गया। अभी तक आपत्तियों का निस्तारण नहीं हो पाया है। सीडीओ ने लापरवाही मानते हुए खंड शिक्षा अधिकारी पोप सिंह का वेतन रोक दिया है तथा नोटिस जारी कर तीन दिन जवाब मांगा है।