बहजोई (संभल)। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की बैठक में डीएम अंकित खंडेलवाल ने गैरहाजिर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को दोपहर कलेक्ट्रेट सभागार में हुई मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विकास कार्यों की बैठक में डीएम ने बी,सी व डी श्रेणी की रैंकिंग वाले विभागों के कार्यों की समीक्षा की। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आरएएफ व सीआईएफ से जुड़े कार्यों व मुख्यमंत्री आवास ग्रामीण योजना आदि की समीक्षा कर प्रगति में तेजी लाने पर जोर दिया। इसके अलावा डीएम ने वर्षा, आपदा व अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त हुए आवासों के बाबत भी जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि अब तक आपदा से प्रभावित पात्र परिवारों के आवासों को भी संबंधित सूची में शामिल किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण व मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों के आवास समय से स्वीकृत करने पर जोर दिया। डीएम ने कहा कि योजनाओं में लगातार पिछड़ने वाले ग्राम पंचायत अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए जरूरी कार्रवाई की जाए।