असमोली (संभल)। असमोली थाना क्षेत्र के गांव मदाला फत्तेहपुर में बृहस्पतिवार की शाम करीब पौने पांच बजे कांवड़ियों के जत्थे पर एक पत्थर आकर लगा। इससे कांवड़ियों में रोष पनप गया और गांव में ही हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ असमोली फोर्स के साथ पहुंच गए। कांवड़ियों को किसी तरह समझा कर हंगामा शांत कराया। कांवड़ियों की शिकायत पर पुलिस ने छानबीन की तो जानकारी सामने आई कि बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बच्चे का पत्थर सड़क की ओर कांवड़ियों के जत्थे पर आ लगा। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीश्चंद्र ने कांवड़ियों को शांत कराकर आगे बढ़ाया। इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। असमोली थाना प्रभारी ने बताया कि जांच पड़ताल में बच्चे खेलने के दौरान कोई छोटा सा पत्थर आने की बात सामने आई है। कांवड़िये भी आगे चले गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांवड़ियों ने नाराजगी जताई थी लेकिन बाद में वह आगे बढ़ गए। सभी कांवड़ियों के जत्थों के साथ पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती की गई है। सभी प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाई हुई है।