सरायतरीन। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव ऐंचोंली निवासी युवक से डाक विभाग में चपरासी की नौकरी लगवाने के नाम पर 4.43 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर बाबई निवासी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव ऐंचोंली निवासी विनोद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इसी वर्ष 21 मार्च को दो लोग उसके घर आए और डाक विभाग में चपरासी की नौकरी लगवाने का दावा किया। उन्होंने नौकरी लगवाने के लिए पांच लाख रुपये देने की बात कही। 22 मार्च को फोन पर संपर्क करने के बाद नौकरी लगवाने की बात तय हो गई।
विनोद के अनुसार, 23 अप्रैल को वह बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर बाबई में आरोपियों के घर पहुंचा। वहां चार-पांच लोगों की मौजूदगी में बातचीत हुई और 20 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से दे दिए। आरोपियों ने एक-दो दिन में फार्म आने की बात कहते हुए दस्तावेज तैयार रखने को कहा। इसके बाद 23 अप्रैल से 11 मई के बीच फोन-पे और गूगल-पे के माध्यम से कुल 4.43 लाख रुपये दे दिए गए। शेष 57 हजार रुपये जॉयनिंग लेटर मिलने के बाद देने की बात तय हुई।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने पहले 12 जून तक जॉयनिंग लेटर आने की बात कही। जब आठ अगस्त तक लेटर नहीं मिला तो पैसे लौटाने का आश्वासन दिया गया। आरोप है कि नौ अगस्त को परिजनों के साथ आरोपियों के पास रकम वापस मांगने पहुंचे तो दोनों आगबबूला हो गए। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने हयातनगर थाने पहुंचकर तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। मजबूर होकर एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई।
सीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि एसपी के आदेश पर हयातनगर थाना पुलिस ने मोहम्मदपुर बाबई निवासी नरेंद्र शर्मा और उसके बेटे नानक चंद शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है।