कांवड़ यात्रा को लेकर जिले में रूट डायवर्जन किया गया है। रविवार सुबह आठ बजे से शहर में धन्नूमल तिराहा से मुरादाबाद की ओर, संभल तिराहे से बहजोई-अलीगढ़, बुलंदशहर, दिल्ली की ओर रोडवेज बस व अन्य भारी वाहनों के जाने पर रोक लगा दी। इससे रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित हो गया। दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सर्वाधिक परेशानी हुई। रोडवेज बस स्टेंड प्रभारी का कहना है कि दिल्ली, अलीगढ़, मुरादाबाद, बुलंदशहर वाले यात्री संभल से अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं। उनका कहना है कि समस्या मंगलवार तक रहेगी।
रूट डायवर्जन होने से दिल्ली जाने वालों यात्रियों को अधिक परेशानी उठानी पड़ी तो बहजोई, बबराला, गुन्नौर जाने वाले यात्री इधर-उधर भटकते रहे। जबकि मुरादाबाद दिशा की ओर जाने के लिए रोडवेज बस व अन्य वाहन मंडी समिति के बराबर से गांव, गुमथल, बरोली, जरगांव, राजा का सहसपुर से बिलारी जा रहे थे। दिल्ली, बहजोई, गुन्नौर, अलीगढ़, बुलंदशहर, मुरादाबाद की ओर जाने वाली रोडवेज बसों के संचालन गड़बड़ा गया। बस स्टैंड पर बसों का जमावड़ा लग गया। सुबह दस बजे से ही यात्री बहजोई, बबराला, गुन्नौर, अलीगढ़, बुलंदशहर जाने के लिए संभल तिराहा, सीओ कार्यालय के पास वाहनों का इंतजार करते नजर आए। सीओ दिनेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश गुप्ता ने जाकर व्यवस्था का जायजा लिया।
रूट डायवर्जन से सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली, अलीगढ़, बुलंदशहर के यात्रियों को हो रही है जिससे इन मार्गों पर चलने वाली रोडवज बसों का संचालन गड़बड़ा गया। दोपहर से यात्रियों के नहीं मिलने पर बस स्टेंड पर बसों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। दिल्ली, अलीगढ़, मुरादाबाद, बुलंदशहर जाने वाले यात्री संभल से अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं। आज हम संभल के लिए रोडवेज चालकों और परिचालकों को भेजने की कोशिश करेंगे। ताकि यात्रियों को कोई परेशानी न हो। फिलहाल ये समस्या मंगलवार तक रहेगी।
अनिल कुमार मिश्रा, प्रभारी, रोडवेज बस स्टैंड, चंदौसी
जिले के सभी स्कूलों में आज और कल रहेगा अवकाश
संभल। कांवड़ यात्रा और शिवतेरस को देखते हुए संभल जनपद के सभी स्कूलों में 25 और 26 जुलाई को अवकाश रहेगा। इस दौरान शिक्षक स्कूल पहुंचकर अपना कार्य कर सकेंगे। डीएम मनीष बंसल ने आदेश जारी कर कहा कि 25 और 26 जुलाई को जिले में कांवड़ यात्रा और शिवतेरस को देखते हुए भीड़-भाड़ रहेगी। ऐसे में सभी स्कूलों में शिक्षण कार्य बंद रहेगा।