फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हयातनगर में कई घरों में डाका, महिलाओं समेत 7 घायल

Wed, 01 Mar 2017 12:37 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला संभल
विज्ञापन
हयातनगर कस्बे में डकैती के बाद मौके पर पहुंचे फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट सुबूत जुटाते हुए। अमर उजाला - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
संभल जिले के नरौली और हयातनगर में सोमवार रात कई घरों पर डकैतों का कहर टूटा। हयातनगर में डकैतों ने फल-सब्जी व्यापारी और उसके पिता के घर में घुसकर परिजनों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर परिजनों को डंडे और सरियों से जमकर पीटा। इसमें सात लोग जख्मी हो गए हैं।
विज्ञापन


गंभीर हालत में सब्जी व्यापारी के बेटे को दिल्ली रेफर किया गया है। पीड़ितों के मुताबिक, डकैत पांच लाख का माल लूट ले गए हैं। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। एसपी ने पीड़ितों से जानकारी की। डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने निरीक्षण किया। वहीं राजनीतिक दलों के लोगों ने भी पीड़ितों का हाल पूछा।   

संभल जिले के हयातनगर में फल सब्जी व्यापारी रहीस और उसके पिता शफीक के घर आमने-सामने हैं। सोमवार रात तकरीबन 12 बजे के बाद छह सशस्त्र बदमाश शफीक के घर में दीवार के सहारे घुस आए। भीतर घुसते ही सो रहे शफीक और उसके परिजनों को शस्त्रों के बल पर कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन


विरोध करने पर शफीक और उसकी पत्नी सईदा पर डंडे से हमला कर दिया, बेटा आसिफ जागा तो उस पर भी प्रहार कर दिया। इस बीच शफीक बहोश होकर गिर गया। परिजनों को शोर करने पर गोली मारने और महिलाओं की बेइज्जती करने की धमकी दी। इसके बाद घर में रखा 1.25 लाख रुपये लूट लिया। शफीक के छोटे बेटे आसिफ की पत्नी हुमा के जेवर उतरवा लिए। सभी परिजनों की पिटाई कर एक कमरे में बंद कर दिया। 

शफीक के घर में लूटपाट के बाद घर के सामने ही स्थित उसके बेटे और फल सब्जी के कारोबारी रहीस के घर पहुंचे। घर के दरवाजे बंद थे तो दरवाजे खटखटा कर कहा-हम पुलिस वाले हैं और दरवाजा खोलो। उसने दरवाजा खोला तो सभी भीतर घुस आए और रहीस के सिर पर डंडा मार दिया। 

रहीस की चीख पर पत्नी भूरी आई तो उसे भी डंडे से पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद उसके बेटे अबुल हसन को कब्जे में ले लिया, पिटाई की। इसके सिर पर भी गंभीर चोट आई है। इसके बाद रहीस के घर से सोने चांदी के जेवर और 75,000 रुपये लूटे और सबको घर में कैद कर दिया।

लुटेरों के भाग जाने के बाद रहीस अपने घर की दीवार कूद कर बाहर आया। शोर मचाया। थाना पुलिस को इत्तिला दी। एंबुलेंस 108 घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची। घायलों में सईदा पत्नी शफीक, शफीक पुत्र जमील, रहीस पुत्र शफीक, आसिफ पुत्र शफीक, भूरी पत्नी रहीस, राबिया पुत्री रहीस, अबुल हसन पुत्र रहीस हैं। सब्जी फल विक्रेता का बेटा अबुल हसन गंभीर है। उसे दिल्ली ले जाया गया। 

बाकी लोगों का स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी बालेंदु भूषण मौके पर पहुंचे। कई थानों की पुलिस पहुंची। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं हैं। बनियाठेर, नखासा, कोतवाली संभल, कोतवाली चंदौसी, धनारी, रजपुरा थानों की पुलिस पहुंची थी संभल और चंदौसी के सीओ ने भी मौके का दौरा किया है। 
विज्ञापन


 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें