फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संभल के मुकर्रबपुर गांव में दस लाख का माल ले गए डकैत, पुलिस ने दर्ज की चोरी की रिपोर्ट

विज्ञापन
संभल के मुकर्रबपुर में डकैती के बारे में जानकारी देते परिजन। - फोटो : SAMBHAL
विज्ञापन
संभल। संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के मुकर्रबपुर गांव में शुक्रवार की रात 12 बजे से 2 बजे तक पांच डकैतों ने किसान परिवार पर कहर बरपाया। परिवार के सदस्यों को डकैतों ने कमरे में बंद कर दिया और इसके बाद लूटपाट की। संदूकों के ताले तोड़ दिए। कमरों में रखे कपड़े और जेवर लूट लिए। पीड़ित के मुताबिक बदमाश दस लाख का माल लूट ले गए हैं लेकिन पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन

वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल का मुआयना किया है। उनका कहना है कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया है। अब अगर कोई और तथ्य सामने आते हैं तो उसे विवेचना में शामिल किया जाएगा। पुलिस घटना का खुलासा करेगी।
मुकर्रबपुर में हाजी जहीर अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके तीन बेटे शमीम, नईम मोहम्मद, चांद हम्मद, सउदी अरब में काम करते हैं। इसमें गुलाम नबी दिल्ली में काम करता है। घटना के वक्त घर पर हाजी जहीर, उनकी पत्नी जमीला, छोटा बेटा सलीम, बड़े बेटे की पत्नी तारा बी घर पर थे। छत में लगे लोहे के जाल का सरिया तिरछा करके साड़ी और दुपट्टे से बदमाशों ने रस्सी बनाई और हाजी जहीर के घर में नीचे आ गए।
विज्ञापन

परिजन उस वक्त सो रहे थे। परिजनों के अनुसार पांच बदमाशों ने तमंचों और चाकू का भय दिखाकर सबको अपने कब्जे में लिया और एक कमरे में कैद कर दिया। इसके बाद महिलाओं के जेवर उतरवा लिए। मार्च में गुलशन और मोहम्मद नबी की शादी थी उसके जेवर और सामान भी रखे थे जिन्हें बदमाश ले गए हैं। बदमाशों ने करीब दो घंटे में सोने-चांदी के जेवर और रुपये लूट लिए। हाजी जहीर के मुताबिक सउदी अरब के 2100 रियाल और सोना चांदी के जेवर समेत दस लाख से अधिक का माल बदमाश ले गए हैं।
पुलिस ने सादे कागज पर लगवाया अंगूठा
हाजी जहीर ने बताया कि घटना की रात में ही 112 नंबर पर काल की थी। पुलिस आई थी और उन्हें नखासा थाने ले गई थी। पुलिस ने उनसे खाली कागज पर अंगूठा लगवा लिया था क्योंकि वह पढ़े लिखे नहीं है। इसके बाद कहा था कि रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई करेंगे। उन्हें यह नहीं पता है कि पुलिस ने क्या रिपोर्ट दर्ज की है। इस बीच पुलिस क्षेत्राधिकारी सिद्धार्थ ने घटनास्थल पर जाकर परिजनों के बयान लिए हैं। छानबीन की है।
पुलिस ने कहा- तहरीर के आधार पर दर्ज की रिपोर्ट
पुलिस क्षेत्राधिकारी सिद्धार्थ ने बताया कि उन्हें रविवार की सुबह घटना की जानकारी मिली। पुलिस टीम बनाकर घटना का खुलासा करने का प्रयास कर रही है। जहां तक डकैती को चोरी में दर्ज किए जाने का सवाल है, पुलिस ने वही बात दर्ज की है जो पीड़ित परिवार की तहरीर में है।
मैंने पांच बदमाशों को देखा था
पीड़िता तारा बी ने बताया कि छत के रास्ते से बदमाश नीचे आए। मैंने देखा तो मेरी चीख निकल गई। आवाज सुनते ही बदमाशों ने तमंचा तान दिया और धमकाने लगे। डर की वजह से मैं चुप हो गई। मैंने पांच लोगों को नीचे देखा है। छत पर कितने बदमाश और थे वह मुझे नहीं पता है।
एक बदमाश बांधे था ढाटा, चार के चेहरे खुले थे
पीड़ित परिवार ने बताया कि एक बदमाश ढाटा बांधे था जबकि चार बदमाशों के चेहरे खुले हुए थे उनके हाथों में लंबे चाकू और तमंचे थे। उनमें से एक बदमाश बार बार गुलाम नबी के बारे में पूछ रहा था। इससे जाहिर है कि बदमाश घर के बारे में काफी कुछ जानते थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें