रजपुरा (संभल)। रजपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक की गांव के ही दो लोग 13 जून को बरेली लेकर गए और युवती से मुलाकात कराई। 14 जून को उससे 50 हजार रुपये लेकर मंदिर में शादी कराई गई और 17 जून को लुटेरी दुल्हन नकदी और करीब एक लाख रुपये के जेवर लेकर भाग गई।
जिले में लुटेरी दुल्हन गैंग सक्रिय है। जो भोले-भाले लोगों को जाल में फंसाकर लूट रहा है। बीते एक माह में लुटेरी दुल्हन जिले के तीन लोगों को चूना लगा चुकी है। ऐसा ही एक मामला रजपुरा गांव में सामने आया है। पीड़ित किशनचंद ने बताया कि दो वर्ष पहले उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। बताया कि 13 जून को गांव निवासी दो लोग बरेली ले गए थे। वहां एक मंदिर में महिला से मुलाकात कराई और शादी कराने के लिए करीब 50 हजार रुपये लिए। इसके बाद वह महिला को लेकर गांव आ गया और हरिबाबा बांध धाम पर मंदिर में फेरे लिए। बताया कि शादी के बाद वह महिला को अलीगढ़ ले गया। 17 जून को जब वह मजदूरी करने के लिए गया था। उसी दिन महिला चली गई। साथ में करीब एक लाख के जेवर भी ले गई। पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी की दो वर्ष पहले मौत हो गई थी। इसके बाद ही वह दूसरी शादी करना चाहता था। अब जिस महिला से शादी की वह लूट कर चली गई।
पिछले महीने जिले के दो ग्रामीण और शिकार बनाए
नींद की गोली देकर भागी लुटेरी दुल्हन
15 मई- नखासा थाना क्षेत्र के गांव मन्नीखेड़ा निवासी जगदीश ने भी पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी के लिए महिला की तलाश की थी। वह भी ऐसे ही गिरोह के संपर्क में आए। एक लाख रुपये खर्च कर उत्तराखंड के काशीपुर से जगदीश की शादी कराई गई। शादी के 15 दिन बाद ही 12 मई की रात को महिला ने नींद की गोलियां खाने में खिला दी और जेवर व नकदी लेकर भाग गई। पीड़ित ने संपर्क किया तो झूठे मुकदमे फंसाने की धमकी दी। इसके बाद पुलिस को तहरीर दी गई लेकिन लूटेरी दुल्हन का पता नहीं चला। नखासा थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर नहीं मिली थी। तहरीर मिलती तो कार्रवाई की जाती।
000000000000
20 दिन में जेवर लेकर भागी लुटेरी दुल्हन
21 मई- धनारी थाना क्षेत्र के गांव गढ़ा निवासी रामखिलाड़ी को शादी करने के लिए 80 हजार रुपये खर्च करने पड़े थे। 30 अप्रैल को पूरी रीति रिवाज के साथ शादी हुई और दुल्हन रामखिलाड़ी के साथ भी रहने लगी। 21 मई को महिला शौच के बहाने घर से निकली और फिर वापस नहीं आई। रामखिलाड़ी ने जब घर में तलाश की तो जेवर भी नहीं थे। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।